
फोटो- पत्रिका
जयपुर। जयपुर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति सामान्य होने के बाद इंटरनेट सेवाएं फिर से बहाल कर दी गई हैं। संभागीय आयुक्त जयपुर वी. सरवण कुमार की ओर से जारी आदेश के अनुसार पुलिस आयुक्तालय जयपुर से प्राप्त रिपोर्ट में बताया गया कि वर्तमान परिस्थितियों में इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध बनाए रखने की आवश्यकता नहीं है। इसके मद्देनजर पूर्व में जारी इंटरनेट सेवाओं के अस्थायी निलंबन संबंधी आदेश में संशोधन करते हुए इंटरनेट सेवाएं तत्काल प्रभाव से पुनः प्रारंभ करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
यह वीडियो भी देखें
उल्लेखनीय है कि जयपुर विकास प्राधिकरण की ओर से प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जयपुर उत्तर एवं जयपुर पूर्व जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट, बल्क एसएमएस, एमएमएस, व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (ट्विटर) तथा अन्य सोशल मीडिया सेवाओं पर 8 जून की रात 12 बजे से 9 जून की रात 12 बजे तक अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया था।
पुलिस प्रशासन की ओर से स्थिति की समीक्षा किए जाने के बाद यह पाया गया कि क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है। इसके आधार पर इंटरनेट सेवाओं को तत्काल प्रभाव से बहाल करने का निर्णय लिया गया है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने आमजन से शांति, सौहार्द तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
यह वीडियो भी देखें
गौरतलब है कि जयपुर के विकास मास्टर प्लान को धरातल पर उतारने और जगतपुरा क्षेत्र में लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से आमजन को स्थाई राहत दिलाने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण ने सोमवार को अभियान चलाया था। दरअसल, जगतपुरा-महल रोड और नंदपुरी अंडरपास को जोड़ने वाले इस प्रमुख मार्ग को मास्टर प्लान के अनुसार 80 फीट चौड़ा किया जाना है। इस मार्ग की सीमा में कुल पांच ऐसी धार्मिक संरचनाएं आ रही थीं, जिन्हें हटाए बिना सड़क निर्माण और चौड़ीकरण का कार्य तकनीकी रूप से संभव नहीं था। इनमें चार मंजिला नूरानी मस्जिद का ढांचा, दो प्राचीन मंदिर, एक सत्संग भवन (बड़ा हॉल) और एक मजार (दरगाह) शामिल हैं।
इंटरनेट बंदी का दायरा पुलिस आयुक्तालय जयपुर के उत्तर और पूर्व जिलों के कुल 34 थाना क्षेत्रों तक रहा। इनमें जयपुर उत्तर के रामगंज, गलता गेट, माणक चौक, सुभाष चौक, आमेर, ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़, कोतवाली, जालूपुरा, संजय सर्किल, शास्त्री नगर, भट्टा बस्ती, विद्याधर नगर और जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र शामिल थे।
वहीं जयपुर पूर्व के बस्सी, कानोता, तुंगा, आदर्श नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, जवाहर नगर, जामडोली, एसएमएस अस्पताल, गांधीनगर, लालकोठी, मोती डूंगरी, एयरपोर्ट, मालवीय नगर, जवाहर सर्किल, बजाज नगर, खो-नागोरियान, सांगानेर, प्रताप नगर, रामनगरिया और मालपुरा गेट थाना क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं बंद रहीं।
Updated on:
08 Jun 2026 07:49 pm
Published on:
08 Jun 2026 07:07 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
