9 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Israel-Iran War: दुबई में फंसे लोगों के लिए ‘मसीहा’ बना राजस्थान का व्यापारी, आनंद महिंद्रा ने किया सैल्यूट

मध्य-पूर्व में बढ़े तनाव के बीच एक भारतीय कारोबारी की दरियादिली की दुनियाभर में सराहना हो रही है। आनंद महिंद्रा ने यूएई में रहने वाले भारतीय उद्योगपति धीरज जैन की खुलकर तारीफ की है।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Kamal Mishra

Mar 09, 2026

Anand Mahindra

फोटो-सोशल मीडिया

जयपुर। मध्य-पूर्व में बढ़े तनाव के कारण कई उड़ानों के रद्द होने से फंसे यात्रियों की मदद करने वाले एक भारतीय कारोबारी की दरियादिली की दुनियाभर में सराहना हो रही है। आनंद महिंद्रा ने यूएई में रहने वाले भारतीय उद्योगपति धीरज जैन की खुलकर तारीफ की है, जिन्होंने संकट के समय यात्रियों के लिए अपने फार्महाउस के दरवाजे खोल दिए।

दरअसल, अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण क्षेत्र में हवाई सेवाएं प्रभावित हो गई थीं। कई उड़ानें रद्द या देर से संचालित होने लगीं, जिससे बड़ी संख्या में यात्री यूएई में फंस गए।

राजस्थान के व्यापारी ने दिखाया बड़ा दिल

ऐसी स्थिति में राजस्थान मूल के उद्यमी धीरज जैन आगे आए और उन्होंने फंसे हुए यात्रियों को राहत देने का फैसला किया। जैन ने अजमान स्थित अपने 11 कमरों वाले फार्महाउस को यात्रियों के लिए खोल दिया, ताकि जिन लोगों को अचानक ठहरने की जगह नहीं मिल पा रही थी, उन्हें सुरक्षित ठिकाना मिल सके।

आनंद महिंद्रा ने क्या कहा?

इस मानवीय पहल की जानकारी सामने आने के बाद महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी सराहना की। उन्होंने लिखा कि हाल ही में उड़ानों में व्यवधान के कारण कई भारतीय परिवार दुबई में फंस गए थे, ऐसे समय में धीरज जैन ने अपने फार्महाउस के दरवाजे उनके लिए खोल दिए। महिंद्रा ने इसे भारतीय संस्कृति के ‘अतिथि देवो भव’ की भावना का सुंदर उदाहरण बताया।

महिंद्रा ने अपने संदेश में कहा कि कभी-कभी केवल एक व्यक्ति का आगे आना ही लोगों के बीच भरोसा फिर से जगाने के लिए काफी होता है। उन्होंने धीरज जैन को सलाम करते हुए उनकी उदारता की प्रशंसा की।

फार्महाउस में रहने-खाने की फ्री सुविधा

धीरज जैन 1XL होल्डिंग्स के प्रमुख हैं और लंबे समय से यूएई में कारोबार कर रहे हैं। जब क्षेत्र में तनाव के चलते 28 फरवरी के बाद कई उड़ानें प्रभावित हुईं, तब उन्होंने फंसे हुए यात्रियों के लिए अपने फार्महाउस में मुफ्त रहने, खाने और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की।

लग्जरी कारों से पिक और ड्रॉप

बताया गया है कि जैन और उनका परिवार स्वयं भी मेहमानों के साथ ही रह रहे हैं ताकि कोई भी व्यक्ति अकेलापन महसूस न करे। इतना ही नहीं, यात्रियों को लाने-ले जाने के लिए उन्होंने अपनी निजी लग्जरी कारों का भी उपयोग किया। रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने अपनी रोल्स-रॉयस समेत कई कारों से यात्रियों को पिक-अप और ड्रॉप की सुविधा भी दी।

दूतावास तक पहुंची जानकारी

जैन की इस पहल की जानकारी दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास तक भी पहुंची, जिसके बाद फंसे हुए भारतीय यात्रियों तक यह सूचना पहुंचाई गई। उनकी इस दरियादिली को सोशल मीडिया पर भी खूब सराहा जा रहा है और लोग इसे मानवता की मिसाल बता रहे हैं।