
महिला पर धर्म परिवर्तन का दबाव (पत्रिका सांकेतिक तस्वीर)
Jaipur Crime News: जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर से मानवता को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने पहले महिला से दोस्ती की, फिर उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया।
बता दें कि आरोपी यहीं नहीं रुका, उसने अश्लील वीडियो बनाकर पीड़िता को साल भर तक ब्लैकमेल किया और उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव भी बनाया।
पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मुलाकात आरोपी से करीब दो साल पहले एक बर्थडे पार्टी में हुई थी। शुरुआती जान-पहचान जल्द ही दोस्ती में बदल गई और दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होने लगी। महिला को अंदाजा भी नहीं था कि यह दोस्ती उसके लिए एक भयावह सपना साबित होगी।
घटनाक्रम के मुताबिक, करीब एक साल पहले आरोपी ने महिला को काम के बहाने मिलने के लिए बुलाया। वह उसे झांसा देकर एक होटल ले गया, जहां आरोपी ने महिला के पीने के पानी में नशीला पदार्थ मिला दिया। महिला के बेहोश होने के बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इस घिनौनी करतूत का अपने मोबाइल में अश्लील वीडियो भी बना लिया।
जब पीड़िता को होश आया और उसने विरोध किया, तो आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे चुप करा दिया। पिछले एक साल से आरोपी इसी वीडियो के दम पर उसे ब्लैकमेल कर अलग-अलग होटलों में ले जाकर देहशोषण करता रहा।
हद तो तब हो गई, जब आरोपी ने पीड़िता पर अपने पति को छोड़ने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
आरोपी पिछले काफी समय से पीड़िता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। आरोपी के बढ़ते दबाव और टॉर्चर से परेशान होकर अंततः पीड़िता ने अपने पति को पूरी आपबीती सुनाई।
पति के सहयोग से पीड़िता ने गुरुवार को थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। जयपुर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाकर जांच को आगे बढ़ाया गया है।
Updated on:
10 Apr 2026 12:08 pm
Published on:
10 Apr 2026 12:07 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
