
गोविंद मार्ग। फोटो: पत्रिका
Govind Marg 100 Feet Wide: जयपुर। जयपुर शहर के व्यस्ततम गोविंद मार्ग को सुगम बनाने के लिए नगर निगम ने मास्टर प्लान के अनुसार इसे 100 फीट चौड़ा करने की कवायद तेज कर दी है। हाल ही किए गए पीटी सर्वे में मार्ग की जद में आने वाले करीब 190 स्ट्रक्चर चिह्नित किए गए हैं। वर्तमान में इस मार्ग की चौड़ाई कई जगह 60 फीट भी नहीं है, जिससे यातायात का भारी दबाव बना रहता है।
गत 12 मार्च को जेडीए में हुई ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड (टीसीबी) की 94वीं बैठक के बाद निगम के आदर्श नगर और मालवीय नगर जोन ने संयुक्त सर्वे किया। सर्वे रिपोर्ट के अनुसार, त्रिमूर्ति सर्कल से आगरा रोड गुरुद्वारा मोड़ के बीच 190 बाधाएं चिह्नित की गई हैं। इनमें सर्वाधिक अतिक्रमण त्रिमूर्ति सर्कल से बर्फखाना चौराहे के बीच पाया गया है।
निगम प्रशासन ने पहले चरण में उन 12 से अधिक निर्माणों को चिह्नित किया है, जिन्होंने पट्टा लेते समय सडक़ सीमा की भूमि तो समर्पित (सरेंडर) कर दी थी, लेकिन कब्जा नहीं छोड़ा। इन अतिक्रमणों पर नोटिस जारी कर दिए गए हैं और जल्द ही पीला पंजा चलने की तैयारी है। इसके बाद मास्टर प्लान के रिकॉर्ड से मिलान कर अन्य 178 स्ट्रक्चर पर कार्रवाई होगी।
गोविंद मार्ग पर बसों को वन-वे कर त्रिमूर्ति सर्कल से जवाहर नगर बायपास होते हुए निकाला जा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन केवल कागजी आदेश जारी करता है, जबकि धरातल पर ट्रैफिक मैनेजमेंट फेल है। जवाहर नगर बायपास पर यातायात का अत्यधिक दबाव बन गया है। जानकारों के अनुसार, जवाहर नगर बायपास पर एलिवेटेड रोड ही इस समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है।
गोविंद मार्ग को 100 फीट चौड़ा किया जाएगा। प्रथम चरण में उन निर्माणों को हटाया जाएगा, जिन्होंने भूमि समर्पित करने के बावजूद कब्जा कर रखा है।
-मुकुट सिंह, उपायुक्त, मालवीय नगर जोन
Published on:
02 Apr 2026 08:19 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
