
मृतक श्रवण नाथ और उनकी स्कूटी
जयपुर के मालवीय क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाले हिट एंड रन हादसे की खबर सामने आई है। सोमवार तड़के करीब साढ़े 4 बजे मॉडल टाउन के पास नाबार्ड कॉलोनी के सामने जगतपुरा रोड पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित लग्जरी कार ने आगे जा रहे स्कूटी सवार 40 वर्षीय व्यक्ति को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी श्रवण नाथ के रूप में हुई है। हादसे का सबसे संवेदनहीन पहलू यह रहा कि आरोपी कार चालक टक्कर मारने के बाद भागे बिना आगे अपेक्स सर्किल से यू-टर्न लेकर दोबारा घटनास्थल पर पहुंचा और सड़क पर लहूलुहान पड़े श्रवण नाथ को देखने के बाद मौके से तेज रफ्तार में कार लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही मालवीय नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सवाई मानसिंह अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।
जयपुर शहर के मालवीय नगर और जगतपुरा को जोड़ने वाले इस मुख्य मार्ग पर तड़के हादसा उस समय हुआ जब सड़कें काफी हद तक सुनसान थीं। सुबह करीब 4:30 बजे 40 वर्षीय श्रवण नाथ अपनी स्कूटी से अपने काम के सिलसिले में जा रहे थे।
नाबार्ड कॉलोनी के सामने अचानक पीछे से आई एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि श्रवण नाथ हवा में उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर सिर की चोट के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इस हादसे का पूरा घटनाक्रम पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है, जिसकी फुटेज देखकर पुलिस और प्रत्यक्षदर्शी भी हैरान रह गए।
हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक भागने के बजाय आगे अपेक्स सर्किल तक गया और वहां से गाड़ी घुमाकर यू-टर्न लेते हुए फिर से घटनास्थल के पास आया।
कार में बैठे व्यक्ति ने देखा कि स्कूटी सवार श्रवण नाथ सड़क पर निढाल और खून से लथपथ पड़े हैं, लेकिन मदद करने के बजाय वह कार को तेजी से भगाकर मौके से रफूचक्कर हो गया।
हादसे के बाद पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कराई और फॉरेंसिक व क्राइम टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए। सामने आया है कि भीषण टक्कर के दौरान लग्जरी कार की एक मुख्य हेडलाइट टूटकर सड़क पर गिर गई थी। पुलिस ने इस टूटे हुए हिस्से को अपने कब्जे में लेकर सीज कर दिया है।
पुलिस अब कार कंपनी और सर्विस सेंटर की मदद से हेडलाइट के पार्ट नंबर और मॉडल के जरिए कार के मालिक तथा आरोपी चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही जगतपुरा और मालवीय नगर रूट के सभी सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
Updated on:
22 Jul 2026 01:51 pm
Published on:
22 Jul 2026 01:50 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
