
बिस्किट खाते ही बेहोश हुआ शख्स (फोटो-एआई)
Jaipur News: राजधानी जयपुर में जहरखुरानी गैंग एक बार फिर सक्रिय हो गई है। दिल्ली से जयपुर आ रही एक प्राइवेट बस में सफर कर रहे यात्री को नशीला बिस्किट खिलाकर बेहोश कर दिया गया और उसके पास रखे तीन लाख रुपए नकद व मोबाइल लूट लिए गए। वारदात के बाद आरोपी बड़ी चालाकी से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित अबरार मोहम्मद (47) बासबदनपुरा, गलतागेट के रहने वाले हैं। 20 फरवरी को वह दिल्ली से जयपुर के लिए एक प्राइवेट बस में सवार हुए थे। उनके पास वाली सीट पर ही आरोपी यात्री बनकर बैठा था। सफर शुरू होते ही आरोपी ने अबरार से घुलना-मिलना शुरू कर दिया।
रास्ते में आरोपी ने बिस्किट का पैकेट निकाला और अबरार को खाने के लिए ऑफर किया। अबरार ने पहले मना किया, लेकिन आरोपी ने दोस्ती का वास्ता देकर और खुद भी बिस्किट खाते हुए उन्हें जबरन बिस्किट खिला दिया। बिस्किट खाते ही अबरार को गहरी नींद आने लगी और वह बेसुध हो गए।
जैसे ही अबरार पूरी तरह बेहोश हुए, बदमाश ने उनके बैग से तीन लाख रुपए कैश और उनका कीमती मोबाइल निकाल लिया। बस जब जयपुर के सिंधी कैंप स्थित रोडवेज ऑफिस के पास पहुंची, तो परिचालक ने यात्री को बेहोश देख पुलिस को सूचना दी। अबरार को तुरंत SMS अस्पताल में भर्ती कराया गया।
होश आने पर अबरार ने अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद शनिवार रात विधायकपुरी थाने में मामला दर्ज कराया गया। SHO नरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बस के यात्रियों व स्टॉफ से पूछताछ कर रही है, ताकि बदमाश की पहचान की जा सके।
पुलिस ने अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा दी गई खाने-पीने की चीजों का सेवन न करें। जहरखुरानी गैंग अक्सर भावनात्मक बातों का सहारा लेकर यात्रियों को अपना शिकार बनाते हैं।
Published on:
22 Feb 2026 02:11 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
