
नई दिल्ली/जयपुर। राजस्थान के लाल और NSUI के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ आगामी 28 फरवरी 2026 को नई दिल्ली स्थित संगठन के राष्ट्रीय मुख्यालय में अपना पदभार ग्रहण करेंगे। इस गरिमामय समारोह को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। जाखड़ इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को आमंत्रित कर रहे हैं।
पदभार ग्रहण समारोह को लेकर विनोद जाखड़ कल यानी सोमवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात के दौरान वे राहुल गांधी को 28 फरवरी के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का न्यौता देंगे। इसके साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अलावा प्रियंका गांधी और के.सी. वेणुगोपाल जैसे दिग्गज नेताओं को भी निमंत्रण भेजा जा रहा है। राजस्थान से सचिन पायलट के इस कार्यक्रम में शामिल होने की प्रबल संभावना है, क्योंकि जाखड़ को उनका करीबी माना जाता है।
28 फरवरी को होने वाले इस कार्यक्रम में केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि राजस्थान सहित कई राज्यों के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और विधायक मौजूद रहेंगे। जयपुर से सैकड़ों की संख्या में छात्र नेता और कार्यकर्ता दिल्ली कूच करने की तैयारी कर रहे हैं। यह आयोजन एक तरह से राजस्थान के युवा नेतृत्व का दिल्ली में बड़ा 'शक्ति प्रदर्शन' माना जा रहा है।
दिल्ली में जिम्मेदारी संभालने के बाद विनोद जाखड़ मार्च के पहले सप्ताह में राजस्थान आ सकते हैं। अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला आधिकारिक राजस्थान दौरा होगा। जयपुर में उनके भव्य स्वागत की तैयारियां अभी से शुरू हो गई हैं। माना जा रहा है कि राजस्थान विश्वविद्यालय से लेकर पीसीसी मुख्यालय तक जाखड़ का विजय जुलूस निकाला जाएगा।
विनोद जाखड़ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि राजस्थान NSUI का नया अध्यक्ष कौन होगा? पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर मुहर 28 फरवरी को जाखड़ के पदभार ग्रहण करने के बाद ही लगेगी।
इधर, इस 'हॉट सीट' को पाने के लिए राजस्थान के दर्जनों छात्र नेताओं ने दिल्ली के चक्कर लगाने शुरू कर दिए हैं। Indian Youth Congress और Congress मुख्यालय के बाहर इन दिनों राजस्थान के दावेदार देखे जा रहे हैं।
राजस्थान में छात्र संघ चुनाव लंबे समय से अटके हुए हैं। ऐसे में राजस्थान के ही एक नेता का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना प्रदेश के छात्रों में नई उम्मीद जगा रहा है। जाखड़ ने संकेत दिए हैं कि उनकी प्राथमिकता छात्र संघ चुनावों की बहाली और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर केंद्र व राज्य सरकार को घेरना होगी।
Updated on:
22 Feb 2026 02:29 pm
Published on:
22 Feb 2026 02:21 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
