11 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jaipur Traffic Alert: नवरात्र मेले के दौरान इन रास्तों पर रहेगी पाबंदी, घर से निकलने से पहले देख लें रूट

जयपुर में शारदीय नवरात्र मेले के चलते ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 11 से 20 अक्टूबर तक आमेर तिराहे से गांधी चौक तक वाहनों की एंट्री बंद रहेगी।
2 min read
Google source verification
Jaipur Navratri Traffic Advisory

Ai Generated Image

जयपुर. आमेर स्थित शिला माता मंदिर में शारदीय नवरात्र मेले के दौरान यातायात व्यवस्था बदली गई है। 11 से 20 अक्टूबर तक आमेर रोड और आसपास के इलाकों में जरूरत के अनुसार यातायात डायवर्ट किया जाएगा। आमेर तिराहे से गांधी चौक की ओर सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है।

रामगढ़ मोड़ से दबाव बढने पर बदलेगा रास्ता

यातायात पुलिस के अनुसार, रामगढ़ मोड़ से आमेर की ओर सामान्य यातायात चलता रहेगा। वाहनों का दबाव अधिक होने पर यातायात को धोबीघाट, बंध की घाटी और सड़वा मोड़ की ओर डायवर्ट किया जाएगा। दिल्ली रोड से आमेर जाने वाले वाहन आमेर तिराहा, धोबीघाट चौराहा और रामगढ़ मोड़ होते हुए आमेर पहुंच सकेंगे। यातायात पुलिस ने शिला माता मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है।

रामगढ़ मोड़ की तरफ यातायात बंद

आमेर तिराहे से आमेर गांधी चौक की ओर सामान्य यातायात का प्रवेश वर्जित रहेगा। वहीं, जयगढ़ टी-पॉइंट से रामगढ़ मोड़ की तरफ यातायात बंद रहेगा और वाहनों को आमेर की ओर भेजा जाएगा।

जयपुर आने के लिए ये रूट

आमेर से जयपुर शहर की ओर आने वाले वाहन आमेर तिराहा, दिल्ली रोड, गलता गेट चौराहा और ट्रांसपोर्ट नगर चौराहा होते हुए शहर में प्रवेश कर सकेंगे। रामगढ़ मोड़ से आमेर की ओर जाने और वहां से आने वाली बसों व मिनी बसों को यातायात दबाव के अनुसार धोबीघाट और दिल्ली बाईपास के रास्ते संचालित किया जाएगा।

अग्रसेन जयंती की शोभायात्रा की वजह से बदलेगा ट्रैफिक रूट

वहीं, अग्रसेन जयंती पर रविवार को चांदपोल से सांगानेरी गेट तक निकलने वाली शोभायात्रा के कारण परकोटे के प्रमुख बाजारों और आस-पास के रास्तों में यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। यातायात पुलिस के अनुसार, यात्रा मार्ग पर दोपहर तीन बजे से पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। इसके आगे बढ़ने के साथ विभिन्न चौराहों से यातायात को समानांतर मार्गो पर डायवर्ट किया जाएगा। ऐसे में परकोटे और यहां के बाजारों की ओर जाने वाले वाहन चालक ट्रैफिक प्लान देखकर ही घर से निकलें।

यहां-यहां होगा बदलाव

शोभायात्रा के दौरान संजय सर्कल, अजमेरी गेट, चौगान चौराहा, त्रिपोलिया टी-पॉइंट, बड़ी चौपड़, रामगंज चौपड़ और सुभाष चौक से आने वाले यातायात को समानांतर मार्गों से निकाला जाएगा। यात्रा मार्ग पर चलने वाली मिनी बसों और सिटी बसों का संचालन भी वैकल्पिक रास्तों से होगा। यात्रा के सांगानेरी गेट से गुजरने के दौरान अजमेरी गेट, टोंक रोड, चौड़ा रास्ता और टीपी नगर से आने वाले वाहनों को यादगार तिराहा, मानप्रकाश स्लिप लाइन, रामनिवास बाग और घाटगेट के वैकल्पिक रास्तों से निकाला जाएगा। पुलिस ने आमजन से निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है।