6 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

लोग बोले चोर घर में, पुलिस कहने लगी कोई नहीं, आक्रोश बढ़ा तो 15 मिनट बाद चोर को बाहर लेकर निकली पुलिस

बैनाड़ रोड स्थित शांति नगर का मामलापुलिस ने चोर के दो और साथी पकड़े
2 min read
Google source verification
jaipur

jaipur

मुकेश शर्मा

जयपुर. बैनाड़ रोड स्थित शांति नगर के एक सूने मकान में शनिवार देर रात चोर को घुसते देख हल्ला हो गया। जाग होने पर लोगों ने मकान को घेर लिया लेकिन चोर ने गेट का ताला तोड़ अंदर से कुंदी बंद कर ली। उधर, सूचना पर करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र में बढ़ती चोरियों से त्रस्त लोग भी एकजुट हो गए। लोगों का आरोप है कि पुलिस ने कुछ देर इधर-उधर देखा और कहने लगी कि अंदर कोई नहीं है। लेकिन प्रत्यक्षदर्शी की बात सुन लोग घर में चोर होने की बात पर अड़े रहे। करीब 15 मिनट तक पुलिसकर्मी टालमटोल करते रहे। पुलिस के रवैए को देख लोगों का आक्रोश बढ़ गया और खुद मकान की तलाशी लेने पर अड़ गए। तब कहीं जाकर पुलिस घर के अंदर पहुंची और चोर से कुछ देर बातचीत कर कुंदी खुलवाई। पुलिस उसे बाहर लेकर निकली तो भीड़ उसे घेरने लगी लेकिन पुलिसकर्मी चोर को भीड़ से बचाते हुए थाने ले गए। हालांकि रविवार को भी पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी थी।

आरोप : चोर के साथियों ने ही दी पुलिस को सूचना

भीड़ का आरोप है कि रात को शांति नगर निवासी लोकेश के घर में चोर को घुसते देखा। लोकेश घर से बाहर गए हुए थे। इस पर स्थानीय लोगों ने घर को घेर लिया। लोगों का आरोप है कि स्थानीय किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना नहीं दी। अंदर घुसे चोर के दो साथी बाहर स्कूटी पर घूम रहे थे, उन्होंने साथी को भीड़ से घिरा देख पुलिस को सूचना दी। हालांकि बाद में पुलिस ने अन्य दोनों आरोपियों को भी पकड़ लिया।
उधर, घर में चोर घुसने की सूचना पर जयपुर पहुंचे लोकेश ने रविवार को करधनी थाने में इस संबंध में रिपोर्ट दी है। करधनी थाने के महेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए संदिग्ध युवकों से पूछताछ की जा रही है।

इधर, एक माह पहले चार लाख रुपए के जेवर ले गए

शांति नगर निवासी गिरवर सिंह ने बताया कि करीब एक माह पहले चोर उनके मकान के ताले तोड़ चार लाख रुपए के जेवर और 80 हजार रुपए नकद ले गए थे। करधनी थाने में चोरी का मामला दर्ज करवाया लेकिन पुलिस आज तक चोर नहीं पकड़ सकी। उनके पड़ोसी लोकेश के घर शनिवार रात को घुसे चोर को स्थानीय लोगों ने देख लिया तो वह पकड़ में आ गया।

बड़ी खबरें

View All

जयपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग