
धार्मिक आयोजनों में चेन तोड़ने वाली अंतरराज्यीय महिला गैंग पकड़ी (फोटो- पत्रिका)
Female Chain Snatching Gang: राजस्थान की राजधानी में इन दिनों धार्मिक आयोजनों और कलश यात्राओं की धूम है, लेकिन इसी श्रद्धा की आड़ में शातिर अपराधी अपनी जेबें भरने में लगे हैं।
जयपुर की मानसरोवर थाना पुलिस ने एक ऐसी ही अंतरराज्यीय महिला गैंग का भंडाफोड़ किया है, जो महिलाओं के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र उड़ाने में माहिर थी। पुलिस ने इस गिरोह की 7 महिला सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के सोने के लॉकेट और टूटी हुई चेन बरामद की हैं।
डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज ने बताया कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीलम उर्फ नितिका, विधा उर्फ शकुंतला, रानी उर्फ बछिला, बिजली, निशा, चित्रा और संजोता के रूप में हुई है। ये महिलाएं मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर सीकरी व आगरा और मध्य प्रदेश के ग्वालियर की रहने वाली हैं।
इन महिलाओं का 'मोडस ऑपेरंडी' (काम करने का तरीका) बेहद चौंकाने वाला है। ये महिलाएं किसी अपराधी की तरह नहीं, बल्कि आम श्रद्धालुओं की तरह सज-धज कर कलश यात्राओं और धार्मिक सभाओं में शामिल होती थीं। जब महिलाएं भजन-कीर्तन या यात्रा में मग्न होती थीं, तब ये भीड़ का फायदा उठाकर कटर या हाथ की सफाई से उनके गले से जेवर पार कर देती थीं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि 15 सितंबर को केएल सैनी स्टेडियम से निकली भव्य कलश यात्रा के दौरान कई महिलाओं की चेन चोरी हुई थी। जांच में सामने आया कि वही गैंग मानसरोवर इलाके में फिर से सक्रिय है और वीटी रोड पर आयोजित होने वाली एक बड़ी कथा में बड़ी वारदात की फिराक में है।
मानसरोवर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने एक विशेष जाल बुछाया। सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध महिलाओं पर नजर रखी और जैसे ही इन्होंने घेराबंदी शुरू की, सातों आरोपी महिलाएं पुलिस के हत्थे चढ़ गईं।
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह केवल जयपुर तक सीमित नहीं था। इससे पहले इन्होंने दौसा जिले के सलेमपुर में आयोजित रामकथा के दौरान भी कई महिलाओं को अपना शिकार बनाया था। आरोपियों के खिलाफ राजस्थान के अलावा अन्य राज्यों में भी चोरी और स्नैचिंग के दर्जनों मामले दर्ज हैं।
"यह गैंग अंतरराज्यीय स्तर पर काम करता है। ये महिलाएं अक्सर उन शहरों को चुनती हैं जहां बड़े धार्मिक मेले या पदयात्राएं हो रही हों। फिलहाल पुलिस इनसे गहन पूछताछ कर रही है ताकि शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों और इनके साथ जुड़े अन्य नेटवर्क का पता लगाया जा सके।"
-राजर्षि राज, डीसीपी (साउथ)
इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आमजन, विशेषकर महिलाओं से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले आयोजनों में कीमती जेवर पहनने से बचें। अपराधी अक्सर आपकी भक्ति और एकाग्रता का फायदा उठाते हैं।
Updated on:
19 Mar 2026 02:24 pm
Published on:
18 Mar 2026 09:42 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
