
हाईकोर्ट के सामने पार्किंग बनकर तैयार (फोटो- पत्रिका)
जयपुर: भगवानदास रोड पर रोजाना लगने वाला जाम शहरवासियों के लिए सिरदर्द बन चुका है। हाईकोर्ट, सचिवालय और आसपास के दफ्तरों की वजह से यहां दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगती हैं। जहां 100 मीटर की दूरी तय करने में भी 15-20 मिनट निकल जाते हैं।
लेकिन अब इस हमेशा व्यस्त रहने वाले मार्ग पर राहत का रास्ता खुलने वाला है। पोलो ग्राउंड में तैयार की गई नई भूमिगत पार्किंग दिसंबर में शुरू होने जा रही है, जिसमें सैकड़ों वाहन एक साथ खड़े हो सकेंगे। उम्मीद है कि इसके शुरू होते ही इस सड़क पर वर्षों से चले आ रहे पार्किंग दबाव और जाम की समस्या से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
रामबाग गोल्फ क्लब के मौजूदा पार्किंग क्षेत्र में दो स्तरीय भूमिगत पार्किंग तैयार की गई है। इसमें एक साथ 511 चौपहिया वाहन और 190 दोपहिया वाहन खड़े हो सकेंगे। पार्किंग में लिफ्ट की सुविधा भी उपलब्ध है। इसे कुल तीन भागों में विभाजित किया गया है।
जेडीए अधिकारियों के अनुसार, पार्किंग का सिविल वर्क पूरा हो चुका है। अब बिजली का काम चल रहा है, जो जल्द पूरा हो जाएगा। फायर एनओसी मिलना बाकी है। भूतल पर भी पार्किंग विकसित की जा रही है।
पार्किंग में वाहन चालक भवानी सिंह मार्ग से प्रवेश कर सकेंगे। जबकि भगवानदास रोड से निकास होगा। निकास गेट हाईकोर्ट के सामने से रहेगा।
चाहे सुबह हो या शाम, यहां दिनभर जाम लगा रहता है। कई बार जाम में फंसने से समय पर कार्यालय नहीं पहुंच पाते। कई बार अधिकारी सचिवालय बुला लेते हैं, ऐसे में जाम में फंसने से देर भी हो जाती है।
-रमेशचंद्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री, राजस्थान आवासन बोर्ड कर्मचारी संघ
हाईकोर्ट के सामने कभी भी जाओ, दिनभर ही जाम रहता है। कई बार आधा घंटे तक जाम लग जाता है। अब तो लोग इस रास्ते से गुजरने से बचने लगे हैं।
-महेश शर्मा, निजी कार्यालय में कार्यरत
हाईकोर्ट के सामने भूमिगत पार्किंग को दिसंबर में चालू कर दिया जाएगा। वहीं, भूतल की पार्किंग अगले सप्ताह शुरू कर दी जाएगी।
-देवेंद्र गुप्ता, निदेशक अभियांत्रिकी प्रथम
Updated on:
20 Nov 2025 08:10 am
Published on:
20 Nov 2025 08:09 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
