
सीआइ कविता शर्मा, हाईकोर्ट के बाहर वकीलों का प्रदर्शन, पत्रिका फोटो
Lawyers Protest: जयपुर शहर में तैनात लेडी सिंघम कविता शर्मा फिर से सुर्खियों में है। पूर्व में महिला सीआइ राज्य के एक मंत्री से कहासुनी मामले में विवादों में रहीं। वहीं अब सीआइ कविता शर्मा ने कार सवार एक महिला वकील का 10 हजार रुपए का चालान काट दिया तो वकीलों ने हाईकोर्ट के बाहर रास्ता रोक कर जमकर बवाल काटा। पुलिस के आलाधिकारियों के दखल के बाद मामला शांत हुआ।
जानकारी में आया है कि सर्विस लेन से कालवाड़ रोड़ पर आते समय सीआई कविता शर्मा ने अन्य वाहनों के साथ वकील सोनिया गिल की कार रोककर रॉन्ग साइड से आने के लिए टोका। गिल ने सीआइ से कहा, हाइवे नियमों के तहत सर्विस लेन पर दोनों तरफ के वाहन चल सकते हैं। उन्होंने हाईकोर्ट में केस लगे होने का हवाला देकर कहा कि समय पर कोर्ट पहुंचना हैं, जिस पर कहासुनी हो गई। गिल का आरोप है कि इसके बाद सीआई जबरन उसे कालवाड़ पुलिस चौकी ले गई, जहां लाइसेंस और आरसी दिखाने के बावजूद लाइसेंस नहीं होने और कार की नंबर प्लेट सही नहीं होने का 5-5 हजार रुपए का चालान काट दिया।
हालांकि नियमों में प्रावधान नहीं होने के कारण सर्विस रोड पर रॉन्ग साइड से आने पर रोकने के बावजूद उसका चालान नहीं काटा। इस पूरे घटनाक्रम में करीब 45 मिनट खराब हुए, जिससे वे समय पर कोर्ट नहीं पहुंच सकी। वकीलों ने कहा कि सीआई कविता शर्मा पहले महेश नगर सीआई रहते समय कैबिनेट मंत्री किरोड़ीलाल मीणा से कहासुनी के कारण भी विवादों में रहीं।
महिला वकील ने हाईकोर्ट आते समय रास्ते में कहासुनी होने पर महिला सीआई पर 10 हजार रुपए का चालान काटने का आराेप लगाया। इसके विरोध में वकीलों ने हाईकोर्ट के बाहर रास्ता रोककर जाम लगा दिया। पुलिस के उच्चाधिकारियों के निष्पक्ष जांच का आश्वासन देने पर मामला शांत हुआ।
राजस्थान में एसआइ भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे परीक्षार्थियों पर कार्रवाई करने के दौरान दिसंबर 2024 में तत्कालीन महेश नगर थाना एसएचओ कविता शर्मा और मंत्री किरोड़ीलाल मीना में विवाद चर्चा में रहा।
सीआइ कविता शर्मा ने थाने में रपट डालकर बताया कि अधिकारियों के कहने पर कार्रवाई करने गई थी। तब एक संदिग्ध की सूचना पर मंत्री किरोड़ी लाल भी आ गए। मंत्री ने कहा कि यह मेरा आदमी है, तुम यहां क्यों आई हो। मैं तुम्हारे खिलाफ केस दर्ज करवाऊंगा।
रिपोर्ट में आगे लिखा है कि अधिकारियों को स्थिति की जानकारी देकर वहां से पुलिस टीम के साथ लौटने लगी, तभी मंत्री के साथ आए लड़कों ने पुलिस गाड़ी में बैठी युवती को नीचे उतार लिया और साथ ले गए। मामले में मंत्री किरोड़ी लाल ने गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म से मुलाकात कर पुलिस की कार्रवाई को लेकर विरोध जताया।
Updated on:
07 Feb 2026 07:49 am
Published on:
07 Feb 2026 07:49 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
