31 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jaipur: बाइक सवारों को SUV से टक्कर मारकर गिराते, फिर झाड़ियों में ले जाकर करते वारदात; 2 शातिर बदमाश दबोचे

सुनसान सड़क पर बाइक सवारों को एसयूवी गाड़ी से टक्कर मारकर गिराना और फिर झाड़ियों में ले जाकर मारपीट के बाद लूटपाट करने वाले गिरोह का जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने खुलासा किया है।
2 min read
Google source verification
Jaipur Robbery Case

पुलिस की गिरफ्त में दोनों आरोपी। फोटो: पत्रिका

जयपुर। सुनसान सड़क पर बाइक सवारों को एसयूवी गाड़ी से टक्कर मारकर गिराना और फिर झाड़ियों में ले जाकर मारपीट के बाद लूटपाट करने वाले गिरोह का जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात के लिए ली गई एसयूवी और लूटा गया मोबाइल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी रात के समय सुनसान रास्तों की रेकी कर वारदात को अंजाम देते थे।

डीसीपी जयपुर (नॉर्थ) करन शर्मा ने बताया कि आरोपी विवेक विहार जामडोली निवासी अभिषेक शर्मा (25) और माली की कोठी लखेसरा कानोता निवासी राहुल बैरवा (20) को गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल तीसरा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। 27 अगस्त की रात परिवादी अपने दोस्तों सोहिल, रियान और आर्यन के साथ मोटरसाइकिल से मथुरादासपुरा की ओर जा रहा था। रात करीब 12 बजे मित्तल कॉलेज के पास श्मशान घाट के नजदीक एक काली थार ने उनका रास्ता रोक लिया। एसयूवी में सवार तीन-चार बदमाशों ने युवकों के साथ मारपीट की और नकदी व मोबाइल छीनकर फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही वारदात वाले रूट पर आने-जाने वाली एसयूवी गाड़ियों की तकनीकी जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान संदिग्धों के कानोता इलाके में छिपे होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने दबिश देकर अभिषेक शर्मा और राहुल बैरवा को पकड़ लिया।

सुनसान जगहों की करते थे रेकी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले सुनसान रास्तों और इलाकों की रेकी करते थे। इसके बाद बाइक सवारों को निशाना बनाकर एसयूवी से टक्कर मारते और उन्हें झाड़ियों में ले जाकर मारपीट करते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने कानोता, शिवदासपुरा और जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्रों में दर्जनों वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस अब उनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य घटनाओं में भूमिका की जांच कर रही है।

इधर, बाइक चोरी का आरोपी गिरफ्तार, आधा दर्जन वारदात कबूली

डीएसटी साउथ और मुहाना थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने करीब आधा दर्जन वाहन चोरी की वारदात करना कबूला है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की बाइक भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ईन्द सिंह राजपूत (28) जामडोली निवासी है। इस संबंध में श्रीजी नगर, दुर्गापुरा निवासी रोहित गोयल ने मुहाना थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया कि वह किसी काम से मुहाना गया था और डेंटल की दुकान के पास बाइक खड़ी की थी। कुछ देर बाद लौटने पर बाइक गायब मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।