
Moot court competition: उदयपुर। विधि शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिभा और तर्कशक्ति का बड़ा मंच तैयार होने जा रहा है। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ लॉ की ओर से 21 और 22 फरवरी को राष्ट्रीय स्तर की मूट कोर्ट प्रतियोगिता ‘फिएट जस्टिया’ का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के प्रमुख विश्वविद्यालयों और विधि संस्थानों की 50 टीमों के 200 से अधिक विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को न्यायालयीन प्रक्रिया, कानूनी बहस और व्यावहारिक प्रशिक्षण का अनुभव मिलेगा।
प्रतियोगिता में दिल्ली विश्वविद्यालय, मुंबई विश्वविद्यालय, ओ.पी. जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, क्राइस्ट यूनिवर्सिटी, सिम्बायोसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी, पंजाब विश्वविद्यालय तथा केंद्रीय विश्वविद्यालय लखनऊ सहित कई संस्थानों की टीमें भाग लेंगी। आयोजन से उदयपुर विधि शिक्षा का राष्ट्रीय केंद्र बनेगा।
जोधपुर। जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शैक्षणिक सत्र 2025-26 की बीएससी और बीसीए सेमेस्टर परीक्षाओं की समय-सारणी जारी कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार बीएससी प्रथम और पंचम सेमेस्टर तथा बीसीए प्रथम व तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 26 फरवरी से प्रारंभ होंगी, जबकि बीएससी तृतीय और बीसीए पंचम सेमेस्टर की परीक्षाएं 27 फरवरी से आयोजित की जाएंगी।
इन परीक्षाओं का आयोजन केवल जोधपुर ही नहीं, बल्कि जैसलमेर, बाड़मेर, पाली, जालोर, फलोदी और बालोतरा जिलों में भी किया जाएगा, जिससे दूरदराज के विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी। विश्वविद्यालय से जुड़े करीब डेढ़ लाख विद्यार्थी इन परीक्षाओं में शामिल होंगे। समय पर परीक्षा आयोजन से विद्यार्थियों को शैक्षणिक सत्र नियमित रखने में मदद मिलेगी और परिणाम भी जल्द जारी किए जाने की तैयारी है।
Published on:
18 Feb 2026 04:13 pm
