
बगरू और नींदड में पेट्रोल-पंप पर पर कार्रवाई करती टीम का फोटो: पत्रिका
Petrol Pump Raid: राजधानी के पेट्रोल पंपों पर ‘मीटर का जादू’ चल रहा था। उपभोक्ता पूरा पैसा देते, लेकिन टंकी में पेट्रोल–डीजल 40 एमएल तक कम पहुंचता था। राजधानी से सटे नींदड, दिल्ली रोड और बगरू इलाके के पेट्रोल पंप संचालक उपभोक्ताओं से पूरा पैसा लेने के बावजूद कम तेल देकर जेबें भर रहे थे।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा तक शिकायतें पहुंचीं तो विभाग के अधीन विधिक माप विज्ञान प्रकोष्ठ की तीन टीमें बनाई गईं। सोमवार को जांच में पंप संचालकों का खेल उजागर हुआ। प्रति पांच लीटर पेट्रोल-डीजल में 40 एमएल तक कम दिया जा रहा था और महीने में 70 हजार से 1 लाख रुपए तक की कमाई हो रही थी। गड़बड़ी मिलने पर तीनों पंपों के 12 नोजल सीज कर दिए गए।
मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि जयपुर के बाहरी इलाकों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि पंपों पर पूरा पैसा लेकर भी कम पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है। इस तरह की लूट रोकने के लिए कार्रवाई की गई है। पंपों पर 67 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। राजस्थान के सभी पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कराया जाएगा और गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई होगी।
विधिक माप विज्ञान प्रकोष्ठ के उप नियंत्रक आलोक झारवाल ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि पेट्रोल–डीजल लेने से पहले मीटर पर जीरो जरूर देखें। जीरो नहीं देखने पर सेल्समैन के लिए गड़बड़ी करना आसान हो जाता है।
बगरू – रीको औद्योगिक क्षेत्र – महेंद्र शर्मा एंड कंपनी: 40 एमएल तक कम, महीने में 1 लाख तक कमाई
नींदड – मैसर्स विनायक इंडियन पेट्रोल पंप: 30 एमएल तक कम, 1 लाख रुपए तक कमाई
दिल्ली रोड – झंडी प्रसाद–परमेश्वर लाल पेट्रोल पंप: 30 एमएल तक कम, 70 हजार रुपए तक कमाई
आमेर – हाइर्व सर्विस स्टेशन: नोटिस जारी
Updated on:
06 May 2026 09:04 am
Published on:
06 May 2026 08:56 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
