
झोटवाड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में लगी आग (पत्रिका फाइल फोटो)
जयपुर: झोटवाड़ा थाना क्षेत्र स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार तड़के एक फोम फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसने आसपास के इलाके में खलबली मचा दी। घटना की जानकारी सुबह करीब 5:30 बजे कंट्रोल रूम को दी गई। आग इतनी भयानक थी कि चारों ओर धुंए का गुबार फैल गया और आसपास की अन्य फैक्ट्रियों व गोदामों में भी खतरे की स्थिति पैदा हो गई।
आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग ने झोटवाड़ा, बनीपार्क, बिंदायका और मानसरोवर फायर स्टेशन से 14 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजीं। असिस्टेंट फायर ऑफिसर भंवर सिंह ने बताया, फोम की बड़ी मात्रा के कारण आग बार-बार भड़कती रही और इसे नियंत्रित करना काफी चुनौतीपूर्ण रहा। दमकल कर्मियों ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित किया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के उद्योगों और गोदामों में काम कर रहे लोग डर के मारे बाहर निकल आए। समय पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने किसी बड़े हादसे को टाल दिया। हालांकि, फैक्ट्री और उसमें रखे सामग्रियों के जलने से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग मिलकर मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं। फैक्ट्री मालिक आनंद का कहना है कि नुकसान का अनुमान अभी लगाया जा रहा है और सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।
इस घटना ने एक बार फिर इंडस्ट्रियल एरिया में सुरक्षा और अग्निशमन उपायों की अहमियत को उजागर किया है। ऐसे क्षेत्रों में फोम और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखने वाले उद्योगों को विशेष सुरक्षा मानक अपनाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Updated on:
10 Oct 2025 09:34 am
Published on:
10 Oct 2025 09:25 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
