
जयपुर।
प्रदेश में फिलहाल सर्दी के तीखे हो रहे तेवरों से राहत नहीं मिलने वाली है। अगले 48 घंटे में प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में छितराई बौछारें गिरने व कोहरा छाए रहने का अनुमान है। वहीं अगले सप्ताह की शुरूआत में प्रदेश के उत्तर पूर्व और पश्चिम के कुछ भागों में मावठ होने के संकेत मौसम विभाग ने दिए है। बीती रात प्रदेश के पश्चिमी जिलों के न्यूनतम तापमान में दो तीन डिग्री तक हुई बढ़ोतरी के बावजूद सर्दी के तेवर तीखे रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के पूर्वानुमान के अनुसार हिमालय तराई क्षेत्र में सक्रिय हो रहे चक्रवाती तंत्र के असर से 11 से 13 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं अगले चौबीस घंटे जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में संभावित भारी बर्फबारी से मैदानी इलाकों में हाडक़ंपाने वाली सर्दी का दौर जारी रहने की आशंका है।
बीते चौबीस घंटे में प्रदेश में बदलते विंड पैटर्न के कारण दिन में मौसम शुष्क रहा लेकिन सूर्यास्त होते ही गलन और ठिठुरन से लोग बेहाल रहे। रात के तापमान में भी उतार चढ़ाव रहा वहीं सीकर,पिलानी,चूरू,डबोक और श्रीगंगानगर में रात में पारा सामान्य के आस पास रिकॉर्ड हुआ है।
राजधानी जयपुर में बीती रात तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार शहर में आज छितराए बादल छाए रहने व दिन में धूप की आंखमिचौनी रहेगी । जिससे आज शहरवासियों को गलन और ठिठुरन महसूस होने की संभावना है।
आसमान में छाएं हुए बादल
जोधपुर के लोहावट कस्बे सहित आस-पास क्षेत्र में मौसम के मिजाज में आज सुबह बदलाव देखने को मिला। यहां अलसुबह से आसमान में बादलों ने डेरा जमाए रखा है। बादलों के छाने रहने के साथ हल्की ठंडी हवाएं भी चल रही है। इससे ठिठुरन बनी हुई है।
कहां कितना रहा न्यूनतम तापमान
भीलवाड़ा— 4.4 माउंट आबू— 5.0 अलवर— 5.4 डबोक— 6.0 पिलानी— 6.5 चूरू— 7.0 जयपुर— 7.5 अजमेर— 10.2 श्रीगंगानगर— 10.4 बाड़मेर— 13.8 जैसलमेर— 16.5
तापमान डिग्री सेल्सियस में
Published on:
11 Jan 2019 11:42 am
