
पुलिस कार्रवाई में जुटी (पत्रिका फाइल फोटो)
Jaipur Crime: जयपुर में एक युवती की जहर देकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले युवक ने मिलने के बहाने बुलाकर धोखे से उसे जहर पिला दिया, जिससे इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई।
बता दें कि करधनी थाना पुलिस ने मृतका के भाई की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतका झुंझुनूं जिले की रहने वाली 25 वर्षीय युवती थी, जो नौकरी की तलाश में 13 अक्टूबर को जयपुर आई थी।
अगले दिन 14 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे युवती ने अपने भाई को फोन कर तुरंत एसएमएस अस्पताल पहुंचने को कहा। जब भाई अस्पताल पहुंचा तो बहन भर्ती अवस्था में मिली। उसके पास ही गांव का रहने वाला एक युवक खड़ा था, जिसे परिजन आरोपी बता रहे हैं।
भाई के मुताबिक, पूछताछ में युवक ने बताया कि वह सिंधी कैंप आया हुआ था और युवती ने ही उसे मिलने के लिए बुलाया था। इसी दौरान युवती ने जहर खा लिया, यह जानकारी मिलने पर वह उसे अस्पताल ले आया।
हालांकि, परिजनों का आरोप है कि यह कहानी झूठी है। देर शाम जब भाई ने अस्पताल में बहन से बात की तो उसने साफ तौर पर बताया कि आरोपी ने उसे धोखे से जहर पिला दिया है।
इलाज के दौरान युवती की हालत लगातार बिगड़ती गई और 15 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े चार बजे उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने करधनी थाने में आरोपी पड़ोसी युवक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि आरोपी पहले भी युवती के साथ बलात्कार कर चुका था। आरोप है कि उसने इस दौरान अश्लील वीडियो बना लिए और लंबे समय तक उन्हें वायरल करने की धमकी देकर युवती का शोषण करता रहा। इस ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवती ने झुंझुनूं में आरोपी के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कराया था।
बलात्कार केस दर्ज होने के बाद से ही आरोपी लगातार युवती पर दबाव बना रहा था कि वह मुकदमा वापस ले ले। परिजनों का कहना है कि आरोपी उसे जान से मारने और बदनाम करने की धमकियां भी दे रहा था। इसी दबाव और डर के माहौल में आरोपी ने साजिश के तहत युवती को जहर पिलाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
Updated on:
30 Dec 2025 10:12 am
Published on:
30 Dec 2025 10:12 am
