
भिड़ंत के बाद पुलिया से नीचे गिरे वाहन व ट्रक में लगी आग। फोटो: पत्रिका
जयपुर। राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले में मंगलवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे 48 पर जबरदस्त भिड़ंत के बाद दो वाहन पुलिया से नीचे जा गिरे। हादसे के बाद केमिकल से भरे ट्रक में आग लग गई और देखते ही देखते ट्रक धूं-धूं कर जलने लगा। आग की लपटें दूर तक दिखाई देने लगी। ऐसे में मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सूचना पर पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार कोटपूतली-बहरोड़ में नेशनल हाईवे 48 पर चल रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और आगे चल रही पिकअप को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा सुबह करीब 5 बजे पुलिया पर हुआ। ऐसे में दोनों वाहन पुलिया को तोड़ते हुए सर्विस रोड पर जा गिरे। हादसे में पिकअप ड्राइवर घायल हो गया, जिसे पावटा के उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक दोनों वाहन दिल्ली से जयपुर की ओर आ रहे थे। तभी बागावास अहिरान पुलिया पर भीषण हादसा हो गया। दोनों वाहनों के पुलिया से नीचे गिरते ही अफरा-तफरी मच गई। तभी केमिकल से भरे ट्रक में अचानक आग लग गई। लेकिन, इससे पहले ही ट्रक चालक मौके से भाग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दमकलकर्मियों को सूचना दी। कुछ ही देर में कोटपूतली, पावटा और शाहपुरा से तीन दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसे के बाद पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ऐसे में चालक पिकअप में फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। इसके बाद उप जिला अस्पताल में भर्ती करावाया। जहां पर घायल चालक का उपचार जारी है।
ट्रक में केमिकल भरा हुआ था। ऐसे में कुछ ही देर में ट्रक ने आग पकड़ ली। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दी। आग की लपटों के कारण दमकलकर्मियों को भी आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद 3 दमकल की गाड़ियों से आग पर काबू पाया गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे व सर्विस रोड पर जाम के हालात बन गए। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु करवाया। फिलहाल, पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
Updated on:
18 Aug 2026 10:39 am
Published on:
18 Aug 2026 10:39 am
