17 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaipur Junction: रेल यात्रियों के लिए आई बड़ी खुशखबरी, प्लेटफॉर्म तक पहुंचना हुआ आसान; नहीं लगाना पड़ेगा 2KM का चक्कर

Indian Railways: जयपुर जंक्शन पर बनी नई सेकंड एंट्री बिल्डिंग को शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है। रेलवे ने प्लेटफॉर्म से इस नई एंट्री बिल्डिंग को फुट ओवरब्रिज के जरिये जोड़ दिया है।

2 min read
Google source verification
jaipur junction redevelopment

जयपुर जंक्शन। पत्रिका फाइल फोटो

Jaipur Junction: जयपुर। जयपुर जंक्शन पर बनी नई सेकंड एंट्री बिल्डिंग को शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है। रेलवे ने प्लेटफॉर्म से इस नई एंट्री बिल्डिंग को फुट ओवरब्रिज के जरिये जोड़ दिया है। इससे यात्री सीधे सेकंड एंट्री से प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकेंगे। इसके शुरू होने से यात्रियों को दो किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर खत्म हो जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार अगले महीने के अंत तक इसे शुरू करने की तैयारी चल रही है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन पर री-डवलपमेंट का काम चल रहा है। इसी के तहत हसनपुरा की ओर नई सेकंड एंट्री बिल्डिंग बनाई गई है। यह बिल्डिंग गत महीने ही लगभग पूरी हो गई थी, लेकिन प्लेटफॉर्म से जोड़ने के लिए फुट ओवरब्रिज का निर्माण बाकी था। अब यह ब्रिज लगभग तैयार है।

रेलवे अधिकारियों का दावा है कि दस से पंद्रह दिन में यह पूरी तरह तैयार हो जाएगा। अलग-अलग प्रवेश और निकास के लिए दो ब्रिज बनाए जा रहे हैं। इनमें से एक पूरी तरह तैयार है और आवाजाही भी संभव है। दोनों ब्रिज तैयार होने के बाद ही नई बिल्डिंग को शुरू किया जाएगा।

नई व्यवस्था के फायदे

1. ब्रिज कनेक्टिविटी पूरी होने के बाद बिल्डिंग जल्द शुरू होगी।
2. इसमें बुकिंग काउंटर शिफ्ट किए जाएंगे और वेटिंग हॉल भी शुरू होगा।
3. यात्रियों के आने-जाने के लिए अलग-अलग फ्लोर से रास्ते बनाए गए हैं, जिससे भीड़ प्रबंधन बेहतर होगा।
4. स्टेशन परिसर में अव्यवस्था कम होगी।
5. भव्य अंडरग्राउंड पार्किंग भी बनाई है, जिससे पार्किंग की समस्या से निजात मिलेगी।

गांधीनगर स्टेशन पर वंदेभारत ट्रेन का ठहराव शुरू

जयपुर. गांधीनगर स्टेशन से दिल्ली व जोधपुर की ओर से सफर करने वाले रेल यात्रियों के खुशखबर है। रविवार से जोधपुर से दिल्ली कैंट के बीच दौड़ने वाली वंदेभारत ट्रेन का गांधीनगर स्टेशन पर ठहराव शुरू हो गया है। इस संबंध में जयपुर रेल मंडल की सीनियर डीसीएम पूजा मित्तल ने बताया कि जोधपुर से दिल्ली कैंट के बीच सप्ताह में छह दिन संचालित होने वाली वंदेभारत ट्रेन आवाजाही के दौरान गांधीनगर स्टेशन पर दो-दो मिनट का ठहराव करेगी। रविवार को जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, मालवीय नगर विधायक कालीचरण सराफ ने इसे गांधीनगर स्टेशन पर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।