
राजस्थान से निकलकर देश के सबसे बड़े छात्र संगठन की कमान संभालने वाले विनोद जाखड़ ने दिल्ली के सियासी मैदान में अपनी पहली बड़ी दहाड़ लगाई है। मामला भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और अन्य कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का है, जिन्हें दिल्ली पुलिस ने AI इम्पैक्ट समिट में 'शर्टलेस प्रोटेस्ट' के मामले में गिरफ्तार किया है।
विनोद जाखड़ मंगलवार को सीधे पटियाला हाउस कोर्ट पहुंचे, जहाँ उन्होंने युवा कांग्रेस के नेताओं से मुलाकात की और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।
कोर्ट परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए विनोद जाखड़ ने कहा कि यह लड़ाई केवल युवा कांग्रेस की नहीं है, बल्कि देश के हर उस युवा की है जिसकी आवाज दबाई जा रही है।
उन्होंने कहा, "IYC के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी लोकतंत्र पर सीधा प्रहार है। NSUI इस दमनकारी कार्रवाई के खिलाफ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।"
जाखड़ ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मुखर आवाज से वर्तमान सत्ता घबराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने वाले युवाओं को सलाखों के पीछे डालकर सरकार अपनी नाकामियों को छिपाना चाहती है।
विनोद जाखड़ ने दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार को स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए कहा: "यदि हमारे IYC के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं को शीघ्र रिहा नहीं किया गया, तो NSUI उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। हम ईंट से ईंट बजा देंगे लेकिन युवाओं की आवाज को दबने नहीं देंगे।"
20 फरवरी 2026 को भारत मंडपम में आयोजित 'AI इम्पैक्ट समिट' के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के खिलाफ शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया था। इसी मामले में उदय भानु चिब को मुख्य साजिशकर्ता मानते हुए दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। विनोद जाखड़ ने कोर्ट में चिब से मुलाकात कर उन्हें विश्वास दिलाया कि पूरा छात्र संगठन और राहुल गांधी की 'वानर सेना' उनके साथ है।
Published on:
24 Feb 2026 01:50 pm
