
जयपुर। जयपुर-अजमेर हाईवे पर आज सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भांकरोटा में केमिकल से भरे एक टैंकर में अचानक आग लग गई, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। हाईवे पर टैंकर में आग देख दूसरे वाहन चालक दहशत में आ गए और वाहन छोड़कर दूर भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खुद फायर फाइटर बनकर आग बुझाई।
पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 4:45 बजे जयपुर-अजमेर हाईवे पर रामचन्द्रपुरा पुलिया के ऊपर हुआ। अजमेर से जयपुर की ओर आ रहा एक टैंकर करीब 30 हजार लीटर मिथाइल केमिकल लेकर जा रहा था। पुलिया पर चढ़ते समय टैंकर के टायर के पास से अचानक चिंगारियां निकलीं, जिससे टैंकर के निचले हिस्से में आग लग गई। आग लगते ही टैंकर से धुआं उठने लगा और लपटें दिखने लगी।
चलते टैंकर में आग लगी देखकर आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों में दहशत फैल गई। राहगीरों ने तुरंत ड्राइवर को आग लगने की सूचना दी। स्थिति की गंभीरता समझते हुए ड्राइवर ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया और नीचे उतरकर अपनी जान बचाई। वहीं अन्य वाहन चालक भी अपने वाहन छोड़कर दूर पर चले गए। भांकरोटा अग्निकांड की याद से लोगों में भय का माहौल बन गया। इस दौरान हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
कंट्रोल रूम की सूचना पर भांकरोटा थानाधिकारी श्रीनिवास जांगिड़, कॉन्स्टेबल बाबूलाल और सुनील मौके पर पहुंचे। आग तेजी से फैलती देख पुलिसकर्मी खुद ही फायर फाइटर बन गए। थानाधिकारी जांगिड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग को काबू में करने का प्रयास शुरू किया। फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक पुलिस आग को फैलने से रोकने में जुटी रही।
कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि आग ट्रक के केमिकल टैंक तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा विस्फोट हो सकता था। आग बुझने के बाद पुलिस ने हाईवे पर यातायात को दोबारा सुचारु कराया। थानाधिकारी श्रीनिवास जांगिड़ ने बताया कि समय रहते पुलिस और फायर ब्रिगेड की कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
Updated on:
09 Feb 2026 09:22 am
Published on:
09 Feb 2026 09:22 am
