
फाइल फोटो-पत्रिका
PNG piped natural gas India: जयपुर. राज्य सरकार की स्वच्छ और सतत ऊर्जा नीति को धरातल पर उतारते हुए जयपुर जिले में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन के विस्तार को लेकर प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिला कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कमर्शियल, इंडस्ट्रियल और घरेलू उपभोक्ताओं तक पीएनजी सुविधा पहुंचाने के लिए रणनीतिक निर्णय लिए गए।
बैठक में कलक्टर ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य एलपीजी पर निर्भरता को धीरे-धीरे कम कर सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण के अनुकूल पीएनजी को आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने गैस कंपनियों को निर्देश दिए कि वे लोगों को पीएनजी के फायदे—जैसे 24 घंटे गैस सप्लाई, उच्च सुरक्षा मानक और लागत में कमी—के बारे में जागरूक करें।
कलक्टर ने यह भी कहा कि जिन उपभोक्ताओं के पास एलपीजी और पीएनजी दोनों कनेक्शन हैं, वे आगामी तीन माह में एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करें, ताकि संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके और पीएनजी व्यवस्था मजबूत बन सके।
पीएनजी कनेक्शन की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है, वहां प्राथमिकता से कनेक्शन जारी किए जाएं। साथ ही लंबित आवेदनों के निस्तारण के लिए समयबद्ध योजना तैयार करने को कहा गया।
शहरी क्षेत्रों में पीएनजी विस्तार को गति देने के लिए कलक्टर ने अपार्टमेंट्स और मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग्स की रेजिडेंशियल वेलफेयर सोसाइटी से सामूहिक रूप से कनेक्शन लेने की अपील की। इससे न केवल सुविधा बढ़ेगी बल्कि सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (दक्षिण) युगांतर शर्मा, उपखंड अधिकारी राजेश जाखड़, विकास प्रजापत सहित गैस कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
24x7 बिना रुकावट गैस सप्लाई
सिलेंडर की जरूरत खत्म
अधिक सुरक्षित और लीकेज कंट्रोल सिस्टम
एलपीजी की तुलना में सस्ता विकल्प
पर्यावरण के लिए बेहतर
3 माह में ड्यूल कनेक्शन वाले उपभोक्ता एलपीजी सरेंडर करें
पाइपलाइन वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता से कनेक्शन जारी
लंबित आवेदनों का त्वरित निस्तारण
बड़े आवासीय समूहों को सामूहिक कनेक्शन के लिए प्रेरित करना
जनजागरूकता अभियान तेज करना
Updated on:
03 Apr 2026 07:09 pm
Published on:
03 Apr 2026 07:04 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
