
सड़क के गड्ढों में भरा पानी, राहगीरों की राह हुई मुश्किल
निवाई. गांव गुंसी से लुहारा जाने वाले मार्ग पर सड़क के गड्ढों में भरा बरसाती पानी राहगीरों के लिए मुसीबत बना हुआ है। पानी से गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण दुपहिया वाहन चालक आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं तथा पैदल राहगीरों के लिए भी मार्ग से गुजरना मुश्किल हो गया है। लुहारा निवासी रामधन जाट, मनोज शर्मा, रायचंद जाट, दयाराम जाट, शंकरलाल चक्रधारी, हेमराज जाट, शंभूसिंह, भानुप्रताप सिंह सहित ग्रामीणों ने बताया कि गुंसी-लुहारा सड़क मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं। ग्रामीणों ने कई बार सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत नहीं हो सकी है।
बन रहे हादसे का कारण
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के बाद सड़क के गड्ढों में पानी भर गया है। इससे वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का पता नहीं चलता। अचानक वाहन गड्ढे में जाने से दुपहिया चालक अनियंत्रित होकर गिर जाते हैं और चोटिल हो रहे हैं। कई बार कपड़े भी खराब हो जाते हैं। सड़क पर पानी और कीचड़ के कारण पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दूसरे मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा
इस सड़क मार्ग से बिचपड़ी, बराड़ी, राधागोविंदपुरा, हरभावता और सेदरिया सहित कई गांवों के ग्रामीण आवागमन करते हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को दूसरे मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे ग्रामीणों को अतिरिक्त दूरी तय करने के साथ आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही समय की भी बर्बादी हो रही है।
शीघ्र मरम्मत की मांग
ग्रामीणों ने सार्वजनिक निर्माण विभाग से गुंसी-लुहारा मार्ग की शीघ्र मरम्मत करवाने तथा सड़क पर बने गड्ढों को भरवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि समय रहते सड़क की सुध नहीं ली गई तो बारिश के दौरान हादसों का खतरा और बढ़ सकता है।
फोटोकेप्शन
एनई2508सीबी-निवाई. गुंसी-लुहारा सड़क मार्ग पर गढ्डों में भरा पानी।
Updated on:
26 Aug 2026 06:01 am
Published on:
26 Aug 2026 06:01 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
