29 दिसंबर 2025,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Election : प्रियंका की चुनावी ‘हुंकार’ के बीच आज एक संग दिखेंगे गहलोत-पायलट, जानें दौसा जनसभा की लेटेस्ट अपडेट

Priyanka Gandhi Dausa Rajasthan Visit : प्रियंका गांधी के राजस्थान दौरे से ठीक एक दिन पहले कल सीएम गहलोत ने एक प्रेस कांफ्रेंस में पायलट गुट के प्रति किसी तरह का मनमुटाव नहीं होने और प्यार-मुहब्बत तक की बात कही। इसकी प्रतिक्रिया में पायलट ने भी एक बयान में पूरी एकजुटता से चुनाव लड़ने की बात स्वीकारी।

4 min read
Google source verification
priyanka gandhi rajasthan dausa visit amidst assembly election news

जयपुर।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की दौसा के सिकराय में आज हो रही चुनावी सभा कई मायनों में ख़ास रहेगी। दरअसल, आज की इस जनसभा के ज़रिए कांग्रेस पार्टी अपने कुनबे में 'ऑल इज़ वेल' का संदेश देने पर फोकस करेगी। इस 'अपकमिंग फिल्म' की पटकथा कल नई दिल्ली में सीएम अशोक गहलोत के बयान के बाद ही लिखी जा चुकी है।

गौरतलब है कि आज प्रियंका गांधी के राजस्थान दौरे से ठीक एक दिन पहले कल सीएम गहलोत ने एक प्रेस कांफ्रेंस में पायलट गुट के प्रति किसी तरह का मनमुटाव नहीं होने और प्यार-मुहब्बत तक की बात कही। इसकी प्रतिक्रिया में पायलट ने भी एक बयान में पूरी एकजुटता से चुनाव लड़ने की बात स्वीकारी।

एक मंच पर दिखेंगे गहलोत-पायलट
प्रियंका की सभा में आज मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट लम्बे वक्त बाद एक मंच पर होंगे। मौक़ा होगा कांग्रेस पार्टी की ईआरसीपी जनजागरण अभियान के समापन के मौके पर बुलाई गई जनसभा का। इसी अभियान का आगाज़ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पिछले दिनों बारां से किया था। सीएम गहलोत की मौजूदगी के इस कार्यक्रम में सचिन पायलट की गैर-मौजूदगी चर्चा का विषय रही थी। हालांकि पायलट इस दिन टेरिटोरियल आर्मी में मेजर की एक परीक्षा के सिलसिले में नई दिल्ली में थे।

सभा स्थल का ज़ायज़ा लेने पहुंचे पायलट
पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट कल नई दिल्ली से सीधे दौसा के सिकराय पहुंचे, जहां कांदोली में उन्होंने सभा स्थल पर तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। इस दौरान मंत्री मुरारी लाल मीणा, मंत्री ममता भूपेश के अलावा वरिष्ठ नेता जीआर खटाना, महेश शर्मा और राजेश चौधरी भी उनके साथ रहे।

इस दौरान मीडिया से बातचीत में सचिन पायलट ने कहा कि एआईसीसी महासचिव प्रियंका गांधी के दौसा आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है और वो उनके संदेश का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह जगह कांग्रेस का गढ़ रही है। लोग समझ गए हैं कि कांग्रेस एक बेहतर विकल्प है। कांग्रेस जीतने वाली है, चाहे राजस्थान हो, छत्तीसगढ़ हो, मध्य प्रदेश हो या तेलंगाना। उन्होंने कहा प्रियंका गांधी की रैली ऐतिहासिक होगी।

चार्टर में साथ आएंगे प्रियंका-गहलोत
प्रियंका गांधी और सीएम अशोक गहलोत एक साथ एक ही चार्टर प्लेन में नई दिल्ली से जयपुर आएंगे। उनके साथ पूर्व विधायक धीरज गुर्जर भी साथ होंगे। जयपुर पहुँचने के बाद तीनों नेता हेलीकॉप्टर से दौसा के सिकराय और फिर जनसभा स्थल तक पहुंचेंगे।

मिनट-टू-मिनट शेड्यूल (संभावित)-
सुबह 11:30 - नई दिल्ली से जयपुर के लिए रवानगी
दोपहर 12:15 - जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे

दोपहर 1 बजे - सिकराय के कांदोली स्थित सभा स्थल पर पहुंचेंगे

इस वजह से भी महत्वपूर्ण है प्रियंका का दौरा
प्रदेश में चुनावी हलचलों के बीच प्रियंका गांधी का दौसा में सिकराय दौरा बेहद महत्वपूर्ण है। दरअसल, उनकी इस बार की सभा ईआरसीपी के ऐसे मुद्दे पर फोकस करके हो रही है, जो प्रदेश के लगभग 13 ज़िलों की प्यास को लेकर जीवनदायनी है और पूर्वी राजस्थान के लिए एक बड़ा चुनावी मुद्दा भी है। गौरतलब है कि ईआरसीपी परियोजना को राष्ट्रीय दर्जा दिए जाने की मांग पूरी नहीं होने के कारण कांग्रेस इस मुद्दे पर केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर बनी हुई है।

वहीं कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची के इंतज़ार के बीच भी प्रियंका के दौरे के कई मायने निकाले जा रहे हैं। संभावना है कि प्रियंका यहां चुनाव जीतने को लेकर नेताओं-कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ा सकती हैं। वहीं अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सिकराय विधानसभा क्षेत्र में सभा होना के भी कई मायने निकाले जा रहे हैं। क्षेत्र से स्थानीय विधायक व मंत्री ममता भूपेश महिला हैं, ऐसे में पूर्वी राजस्थान की इस सभा में अनुसूचित जाति और महिलाओं को विशेष महत्व देने की बात सामने आई है।

व्यक्तिगत नारेबाजी पर रहेगी नज़र
प्रियंका का दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची का बेसब्री से इंतज़ार किया जा रहा है। ऐसे में प्रियंका की सभा में टिकट दावेदार कोई व्यक्तिगत नारेबाजी ना करें इसपर विशेष निगरानी रखे जाने की बात सामने आई है।

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस आलाकमान से पीसीसी को निर्देश मिले हैं कि प्रियंका की सभा में सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस पार्टी या प्रियंका गांधी 'ज़िंदाबाद' के ही नारे लगें। कोई समर्थक किसी दावेदार के पक्ष में या विरोध में व्यक्तिगत नारेबाजी ना करे। इन्हीं निर्देशों को देखते हुए अब पीसीसी ने भी स्थानीय जिला प्रभारियों और पदाधिकारियों को प्रियंका की सभा में अनुशासन बिगाड़ने वाले नेताओं पर नजर रखने को कहा गया है।

एक लाख लोगों को जुटाने का दावा
प्रियंका गांधी की सभा में एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। वहीं सभा में महिलाओं की ज़्यादा से ज़्यादा संख्या में मौजूदगी पर फोकस हो रहा है। सभा स्थल के नज़दीक होने के चलते दौसा, सवाई माधोपुर ,करौली और अलवर जिले के अधिकांश विधानसभा क्षेत्र के लोगों को ज़्यादा से ज़्यादा संख्या में एकजुट करने जा रहा है।

सभा का 'भारत जोड़ो' कनेक्शन
प्रियंका गांधी की जिस स्थान पर आम सभा आयोजित की जा रही है, उसी जगह से राहुल गांधी ने 'भारत जोड़ो यात्रा' की विधानसभा क्षेत्र में शुरुआत की गई थी। ऐसे में अब प्रियंका गांधी इसी स्थान से पूर्वी राजस्थान की ईआरसीपी परियोजना को लेकर हुंकार भरेंगी।

चाक-चौबंद व्यवस्थाएं
सभा स्थल पर लगाए गए पंडाल की लंबाई अधिक होने के चलते मंच आसानी से दिख सके, इसके लिए जगह-जगह एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। मंच के सामने बनाए गए डोम में लोगों को बैठने के लिए कुर्सी की व्यवस्था की गई है, जबकि मंच के दोनों तरफ महिलाओं सहित अन्य के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं। सभा स्थल के दोनों ओर प्रवेश द्वार बनाए गए हैं जिसमें एक दरवाजे पर होकर वीआईपी व एक दरवाजे पर होकर कार्यकर्ताओं के प्रवेश की व्यवस्था की गई है।

अलर्ट मोड पर पुलिस-प्रशासन
सभा स्थल के समीप दो हेलीपैड बनाए गए हैं। पुलिस और प्रशासन भी व्यवस्थाओं व सुरक्षा के लिए अलर्ट मोड पर हैं।