
जयपुर। राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने प्रियंका गांधी की लोकसभा में एन्ट्री को कांग्रेस के लिए बड़ी मजबूती करार दिया है। पायलट गुरुवार को जयपुर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को लोकसभा में बड़ी मजबूती मिल रही है, क्योंकि प्रियंका गांधी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर संसद में कदम रखा है। उन्होंने 40 लाख से अधिक वोटों की बढ़त के साथ लोकसभा चुनाव जीता है। यह जीत न केवल वायनाड और केरल के लिए, बल्कि देशभर की महिलाओं की आवाज उठाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
पायलट ने आगे कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ अब प्रियंका गांधी का संसद में आना कांग्रेस पार्टी के लिए नई ऊर्जा और उत्साह लेकर आएगा। इससे पार्टी को संगठनात्मक रूप से बड़ी मजबूती मिलेगी और देश के युवाओं में नई उम्मीद जगेगी।
उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी लंबे समय से राजनीतिक कार्यों में सक्रिय रही हैं और उन्होंने पूरे देश में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी जीत ने कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया है, और अब संसद में उनकी उपस्थिति सरकार और भाजपा की जवाबदेही तय करने में अहम भूमिका निभाएगी।
पायलट ने कहा कि कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता इस ऐतिहासिक पल को लेकर बेहद उत्साहित हैं। प्रियंका गांधी के इस सफर की शुरुआत पूरे देश में एक नई राजनीतिक दिशा देने का संकेत है।
Published on:
28 Nov 2024 03:04 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
