
भांकरोटा पुलिस स्टेशन जयपुर
Jaipur Couple Hostage Case: जयपुर में प्रॉपर्टी खरीदने के नाम पर एक दंपती को बंधक बनाकर और मारपीट कर उनसे करीब 48 लाख रुपए वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने बंधक बनाकर 48 लाख रुपए वसूले और बेहद शातिराना अंदाज में पीड़ित दंपती को टैक्सी के जरिए दिल्ली एयरपोर्ट भेजा और वहां से अहमदाबाद का टिकट देकर रवाना कर दिया। इस संबंध में पीड़िता विजय लक्ष्मी गुप्ता ने जयपुर लौटकर भांकरोटा पुलिस थाने में एफआइआर दर्ज करवाई है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता और उनके पति संजय गुप्ता ने 4 फरवरी को एक प्रॉपर्टी वेबसाइट पर वैशाली नगर स्थित अपने मकान की बिक्री का विज्ञापन दिया था। इसके बाद शिवा अय्यप्पन और अखिल अग्रवाल नामक व्यक्तियों ने उनसे संपर्क कर सौदे की बातचीत शुरू की। आरोप है कि 2 मई को दंपती को विश्वास में लेकर भांकरोटा स्थित एक विला में बुलाया गया, जहां पहले से कुछ लोग मौजूद थे। वहां दंपती को कमरे में बंद कर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोपियों ने दंपती को 5 दिन तक बंधक बनाए रखा और रुपए मिलने के बाद ही छोड़ा।
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि बदमाशों ने पति की गर्दन पर चाकू रखकर और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उनसे मोबाइल फोन, दस्तावेज, चेकबुक, जेवरात और अन्य सामान छीन लिया गया। आरोपियों ने रिश्तेदारों से 60 लाख रुपए की मांग की, जिसमें से 47 लाख 90 हजार रुपए नकद और बैंक ट्रांजेक्शन के जरिए वसूले गए। आरोपियों ने पीड़ित दंपती को पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
एफआइआर के अनुसार, दंपती को 2 मई से 6 मई तक बंधक बनाकर रखा गया। बाद में उन्हें कार से मॉल ऑफ जयपुर ले जाकर टैक्सी के जरिये दिल्ली एयरपोर्ट भेजा गया और वहां से अहमदाबाद का टिकट देकर रवाना कर दिया गया। अहमदाबाद से जयपुर लौटने के बाद पीड़ित दंपती ने मामला दर्ज कराया। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले में संगठित गिरोह से जुड़े लोगों से आरोपियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
Published on:
14 May 2026 06:56 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
