
जयपुर।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के शनिवार को जयपुर दौरे के मद्देनजर दिल्ली सहित राजस्थान के दूरदराज के जिलों से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयपुर पहुंच गए हैं। प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट के साथ शुक्रवार शाम प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डे, राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत ने रामलीला मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा भी लिया। जयपुर पहुंचने वालों में पाण्डे, गहलोत सहित सीपी जोशी, मोहनप्रकाश, हरीश चौधरी, प्रदेश के चारों सह प्रभारी भी शामिल हैं।
कार्यक्रम की तैयारी के लिए पदाधिकारियों के साथ पायलट दिनभर बैठकें लेते रहे। पायलट ने 3 बार रामलीला मैदान पहुंचकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। रामलीला मैदान में होने वाली सभा के लिए पार्टी ने करीब 4500 पास जारी किए हैं। एआइसीसी, प्रदेश पदाधिकारी, पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष सहित करीब 1500 बड़े नेताओं को प्रदेश कार्यालय से पास जारी किए गए हैं। शेष लोगों को सभास्थल पर काउंटरों पर पास जारी किए जाएंगे। पास उन्हीं को जारी होंगे, जिन पदाधिकारियों के नाम पार्टी की सूची में शामिल किए गए हैं।
स्वागत के दौरान पार्टी के झंडे
जयपुर में माहौल बनाने के लिए पार्टी ने रोड शो के मार्ग सहित विभिन्न मार्गों पर पार्टी के 10 हजार से ज्यादा झण्डे-बैनर लगाए हैं। रोड शो में जिलों से आने वाले लोगों को भी कहा गया है कि राहुल के स्वागत के दौरान पार्टी के झंडे लेकर ही खड़े हों।