
पुलिस गिरफ्त में आरोपी राहुल घुरैया। फोटो: पत्रिका
जयपुर। गर्भवती महिला से छेड़छाड़ के मामले में पकड़ा गया आरोपी राहुल घुरैया (30) अब हथियार तस्कर निकला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्टल बरामद की है, जिसके संबंध में सांगानेर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध हथियारों की सप्लाई भी करता था। राहुल के सप्लाई किए गए हथियारों के मामले में जयपुर की प्रताप नगर थाना पुलिस ने दो आरोपियों ओमप्रकाश उर्फ ओमी बन्ना और राज अहीरवाल उर्फ छोटा राज को गिरफ्तार कर उनके पास से पिस्टल बरामद की है।
डीसीपी (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राहुल घुरैया मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के बिजौली का रहने वाला है। उसके खिलाफ जयपुर पूर्व में आधा दर्जन से अधिक प्रकरण दर्ज हैं, जबकि मध्यप्रदेश में हत्या के प्रयास, लूट-डकैती और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।
आरोपी जयपुर के प्रताप नगर, सांगानेर और मानसरोवर क्षेत्रों में लगातार ठिकाने बदलकर फरारी काट रहा था। पुलिस ने उसे शरण देने वाले दो आरोपियों मालवीय नगर निवासी शुभम अग्रवाल और मुहाना निवासी बाबूलाल बराला को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में मुरैना मध्यप्रदेश के डांग क्षेत्र तक पहुंची, जहां आरोपी लगातार लोकेशन बदलता रहा।
गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने मुरैना कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। बाद में पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। आरोपियों को पकड़ने और राहुल के नेटवर्क के खुलासे में डीएसटी ईस्ट एसआइ बन्नालाल, अविनाश, तुलसीराम, राजेश कुमार और रणवीर की अहम भूमिका रही।
आरोपी से घटना के समय पहने कपड़े, चप्पल और वारदात के बाद फरार होने में उपयोग की गई कार भी बरामद कर ली गई है। गौरतलब है कि पीड़िता ने राजकॉप सिटीजन ऐप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में कहा गया था कि मालवीय नगर जयपुर के पास गली में किसी युवक ने उसे गलत टच किया और छेड़खानी की। चिल्लाने पर युवक ने उसकी तरफ पत्थर उठाया और वहां से भाग गया। घटना के बाद जवाहर सर्कल के ड्यूटी ऑफिसर एएसआई महेश चन्द और हैड कांस्टेबल अंगदराम को निलंबित किया जा चुका है।
Published on:
24 Apr 2026 06:40 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
