
Railway Minister Ashwini Vaishnaw- फाइल फोटो पत्रिका
Railway Minister Ashwini Vaishnaw : जयपुर। राजस्थान को शुक्रवार को रेलवे की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव प्रदेश दौरे पर रहेंगे और इस दौरान वे रेलवे की तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार रेलमंत्री जोधपुर और जालोर में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इस दौरे को राजस्थान में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार जोधपुर में आयोजित कार्यक्रम में रेलमंत्री साबरमती-जोधपुर रेलसेवा का विस्तार जैसलमेर तक शुरू करेंगे। इसके बाद साबरमती से जैसलमेर के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी स्थापित हो जाएगी। इससे यात्रियों के साथ पर्यटन क्षेत्र को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। पश्चिमी राजस्थान आने वाले पर्यटकों को अब अधिक सुविधा मिल सकेगी।
इसके साथ ही रेलमंत्री जोधपुर-दिल्ली वंदेभारत ट्रेन की कोच संरचना में बदलाव का भी शुभारंभ करेंगे। वर्तमान में यह ट्रेन 8 कोच के साथ संचालित हो रही है, लेकिन अब इसे 20 कोच के साथ चलाया जाएगा। इससे यात्रियों को लंबी वेटिंग से राहत मिलने की संभावना है। कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद रहेंगे।
इसके बाद रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव जालोर जाएंगे, जहां वे नई भुज-दिल्ली रेलसेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस नई रेलसेवा के शुरू होने से जालोर को पहली बार राजधानी जयपुर और देश की राजधानी दिल्ली से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। क्षेत्र के लोग लंबे समय से इस रेलसेवा की मांग कर रहे थे।
यह रेलसेवा भुज से दिल्ली के बीच संचालित होगी और अंजार, गांधीधाम, भचाउ, भीलडी, धनेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी, लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर और रेवाड़ी स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इससे राजस्थान और गुजरात के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
बताया जा रहा है कि रेलमंत्री शुक्रवार को जालोर से ट्रेन के जरिए पाली पहुंचेंगे, जहां वे एक अन्य कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद शनिवार को उनका जयपुर दौरा प्रस्तावित है। जयपुर में वे रोजगार मेले में शामिल होंगे। इस दौरान जयपुर जंक्शन स्टेशन पर चल रहे रि-डेवलपमेंट कार्यों का भी निरीक्षण कर सकते हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कई कार्य प्रगति पर हैं।
Published on:
19 May 2026 09:58 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
