27 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan: राज कुंद्रा का विवादों से पुराना नाता, साल 2015 में IPL से आजीवन के लिए हो चुके हैं प्रतिबंधित

Raj Kundra Case: राज कुंद्रा और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी का नाम पहले भी कई विवादों में जुड़ चुका है। मौजूदा समय में दोनों 60 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में लुकआउट नोटिस का सामना कर रहे हैं।
2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Kamal Mishra

Sep 06, 2025

raj kundra with shilpa shetty

राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी (फोटो सोर्स-एक्स हैंडल)

जयपुर। 60 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में लुकआउट नोटिस का सामना कर रहे राज कुंद्रा और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी का नाम पहले भी कई विवादों में जुड़ चुका है। वर्ष 2009 में दोनों ने आइपीएल टीम राजस्थान रॉयल्स में निवेश किया और सहमालिक बने। वर्ष 2013 में आइपीएल सट्टेबाजी प्रकरण में राज कुंद्रा का नाम सामने आया। इस मामले में राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज श्रीसंत सहित तीन खिलाड़ी गिरफ्तार किए गए।

दिल्ली पुलिस के अनुसार कुंद्रा ने सट्टेबाजी स्वीकार करते हुए कहा था कि, उन्होंने इसमें काफी पैसा लगाया। इस प्रकरण के बाद BCCI ने राजस्थान रॉयल्स को दो साल के लिए बैन कर दिया। वर्ष 2015 में राज कुंद्रा को आइपीएल से आजीवन प्रतिबंधित कर दिया गया।

शॉपिंग चैनल विवाद

वर्ष 2015 में राज कुंद्रा होम शॉपिंग चैनल बेस्ट डील टीवी से जुड़े थे। इस्तीफे के बाद चैनल के कर्मियों को वेतन नहीं मिला, जिस पर विवाद हुआ। हालांकि राज कुंद्रा ने इसे अफवाह करार दिया।

मॉडल पूनम पांडे का मामला

मॉडल पूनम पांडे ने बॉम्बे हाईकोर्ट में राज कुंद्रा और उनके सहयोगी सौरभ कुशवाहा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी कि, उनकी कंपनी ने अवैध तरीके से उनके वीडियो और तस्वीरों का इस्तेमाल किया। कुंद्रा ने आरोपों को खारिज किया।

बडाले ने लगाया ब्लैकमेल का आरोप

इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) की फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स के मालिक मनोज बडाले ने राज कुंद्रा पर ब्लैकमेल का आरोप लगाया। बडाले का आरोप है कि, कुंद्रा ने धोखे से उनकी हिस्सेदारी छीनी। बडाले के वकील का कहना है कि, यह वर्ष 2019 के समझौते का उल्लंघन है। सट्टेबाजी मामले में दोषी पाए जाने के बाद कुंद्रा को अपनी 11.7 प्रतिशत हिस्सेदारी छोड़नी पड़ी थी।

बिट कॉइन मामला

ईडी ने राज कुंद्रा से बिट कॉइन घोटाले में भी पूछताछ की थी। मामले में अमित भारद्वाज को गिरफ्तार किया गया था, जिसने वेबसाइट बनाकर लोगों को करोड़ों का नुकसान पहुंचाया था। इस घोटाले की रकम दो हजार करोड़ बताई गई थी। कुंद्रा समेत कई सितारे इस स्कीम का प्रचार कर रहे थे। वर्ष 2019 में दाऊद इब्राहिम के करीबी इकबाल मिर्ची से कारोबारी संबंधों की आशंका पर भी ईडी ने उनसे पूछताछ की थी, हालांकि कुंद्रा ने किसी भी डील से इनकार किया।

अश्लील फिल्म विवाद

वर्ष 2021 में मुंबई पुलिस ने शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को अश्लील फिल्में बनाने और उनसे कमाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।