Rajasthan Assembly Election 2023 : समय बड़ा बलवान... जी हां यह बात तो सोलह आने सच है। इस चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के नेताओं को भी समय के बदलाव से दो-चार होना पड़ रहा है। इसे समय का फेर ही कहेंगे कि कभी पार्टी विधायकी का टिकट बांटने वाले आज खुद टिकट के लिए टकटकी लगाए हैं। भाजपा चार और कांग्रेस पांच सूचियां जारी कर चुकी हैं, लेकिन कई दिग्ग्जों को टिकट का इंतजार है। खास बात है कि इसमें भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के वरिष्ठ नेता है। भारतीय जनता पार्टी को अभी 16 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा करनी है। इनमें दो सीटें तो ऐसी हैं, जहां से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लड़ते आ रहे हैं। सिविल लाइंस से अरुण चतुर्वेदी और आदर्श नगर से अशोक परनामी चुनाव लड़ते आ रहे हैं, लेकिन इस बार दोनों ही सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा नहीं हुई है। इसी तरह कांग्रेस में चन्द्रभान को लेकर स्थिति साफ नहीं है।