25 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान विधानसभा: ‘प्रदेश में गैंगस्टरों का खौफ और देश की सबसे महंगी बिजली’, मंत्री बोले- जंगलराज नहीं, जूली ने पलटा पासा

राजस्थान में रंगदारी और कानून व्यवस्था, शराब की अवैध बिक्री और महंगी बिजली के मामले में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने सरकार को घेरा। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की मंत्रियों से तीखी नोक-झोंक भी हुई। वहीं, सत्तापक्ष के विधायक कालीचरण सराफ ने भी उद्योगों को महंगी बिजली दिए जाने का मामला उठाया।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Arvind Rao

Feb 25, 2026

Rajasthan Assembly
Play video

Rajasthan Assembly (Patrika Photo)

जयपुर: प्रदेश में रंगदारी की बढ़ती घटनाओं को लेकर विधानसभा में तीखी बहस और हंगामा देखने को मिला। शून्यकाल के दौरान निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने मामला उठाते हुए कहा कि व्यापारी, डॉक्टर और आम नागरिक गैंगस्टरों की दहशत में हैं।

विधायक भाटी ने कहा कि विदेश और जेल में बैठे अपराधी नेटकॉलिंग के जरिए वसूली कर रहे हैं। भाटी ने यूपी-बिहार की तर्ज पर सख्त कार्रवाई, सहयोगियों की संपत्ति जब्ती और कठोर कानून लागू करने की मांग की।

बेढमः पहले जैसा जंगलराज नहीं, जूली: पिछला नहीं अभी का बताएं

गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने जवाब में कहा कि 100 फीसदी रोक का दावा नहीं किया जा सकता, लेकिन पिछली सरकार के समय जो 'जंगलराज' था, उस पर अंकुश लगा है। साल 2024 में एजीटीएफ ने टीमें गठित कर 1.23 लाख से अधिक स्थानों पर दबिश दी।

रोहित गोदारा गैंग का इनामी अमरजीत बिश्नोई व पत्नी सुधा कंवर, आदित्य जैन और टोनी को विदेश से गिरफ्तार किया। अमित शर्मा को अमरीका में डिटेन करवाया।

पुरानी सरकार की बात नहीं दोहराएं

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मंत्री के जवाब पर आपत्ति जताते हुए कहा कि वर्तमान हालात पर जवाब दिया जाए, पुरानी सरकार की बात न दोहराई जाए। इस पर दोनों पक्षों में तनातनी बढ़ गई।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि नियमों में आइए, आधे घंटे की चर्चा करा लेंगे। कांग्रेस के विकास चौधरी के प्रस्ताव का भी जिक्र हुआ। मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने आरोप लगाया कि प्रस्ताव लाकर कांग्रेस विधायक अनुपस्थित हो गए।

मंत्री: नहीं बिकती अवैध शराब, विपक्षः सबके पास पहुंचता माल

प्रश्नकाल के दौरान सदन में अवैध शराब बिक्री का मामला गूंजा। मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कांग्रेस के रामनिवास गावड़िया के सवाल पर कहा कि अधिकृत मदिरा दुकानों के अलावा कहीं भी शराब का विक्रय नहीं हो रहा।

इस पर गावड़िया ने कहा कि गजब का प्रशासन है। आए दिन अवैध शराब पर छापों की कार्रवाई हो रही है और जवाब दिया जा रहा है कि अवैध शराब की बिक्री नहीं हो रही। समय पर सबके पास माल पहुंच जाता है तो कार्रवाई क्यों करेंगे? नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए।

मंत्री ने कहा कि सूचना और गश्त के दौरान आबकारी विभाग कार्रवाई करता है। अगर कोई अधिकृत डीलर अवैध रूप से शराब बेचता है तो उस पर भारी जुर्माना लगाया जाता है। दुकान बंद कर उससे ब्लैक लिस्टेड किया जाता है।

अतिरिक्त बोझ से बंद हो रहे उद्योगः सराफ

भाजपा के कालीचरण सराफ ने उद्योगों को महंगी बिजली का मुद्दा उठाकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बिजली से उद्योगों पर 25 हजार से 10 लाख रुपए प्रतिमाह का अतिरिक्त बोझ आ रहा है।

प्रदेश में देश में सबसे महंगी बिजली मिल रही है, जिससे कई इकाइयां बंद होने की कगार पर हैं और निवेशक एमओयू के बाद भी उद्योग लगाने से कतरा रहे हैं। दरों में कमी कर नए निवेश और बंद उद्योगों को राहत देने की मांग की।