
Rajasthan News : राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा के बाद डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा को जान से मारने की धमकी मिली है। इस सूचना के बाद तो हड़कंप मच गया। इसकी जानकारी होने पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने चिंता जताते हुए भजनलाल सरकार पर निशाना साधा और सवाल दागे। टीकाराम जूली ने कहा कि सूबे के सीएम भजनलाल के बाद डिप्टी सीएम को जयपुर की सेंट्रल जेल से धमकी मिलना प्रदेश की वास्तविक कानून व्यवस्था का आइना है। प्रदेश में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि को ही जेल से धमकियां मिल रही हैं। जब वह ही सुरक्षित नहीं तो आम जनता का क्या हाल होगा?
टीकाराम जूली ने सरकार से सवाल पूछा कि आखिर अपराधियों के पास जेलों में मोबाइल कैसे पहुंच रहे है? प्रदेश में अपराधी बेखौफ हो चुके हैं। इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता में लेकर प्रकरण की गहराई से जांच की जाएं।
पुलिस जांच में धमकी देने वाले की लोकेशन घाटगेट कारागार क्षेत्र की आई। फोन करने वाले ने खुद का नाम अनिल बताया। इससे आशंका है कि धमकी जेल में से दी गई। जेल प्रशासन के साथ पुलिस ने जेल में सर्च ऑपरेशन चलाया, जो देर रात तक जारी रहा। जेल में 8 बंदी अनिल नाम के बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस कंट्रोल रूम के एएसआई ताराचंद ने बुधवार को कॉल आने के संबंध में विधायकपुरी थाने में रिपोर्ट दी है।
इससे पहले सीएम भजनलाल शर्मा को दौसा जेल से जान से मारने की धमकी मिली थी। पॉक्सो एक्ट के तहत सजा काट रहे एक कैदी ने 21 फरवरी की रात 12.30 से एक बजे के बीच जयपुर पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल कर मुख्यमंत्री के नाम पर धमकी दी थी। पुलिस ने जैसे ही कॉल ट्रेस की तो लोकेशन दौसा जिले की जेल मिली थी।
Updated on:
27 Mar 2025, 9:34 AM IST
Published on:
27 Mar 2025, 9:33 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.