
सीएम भजनलाल शर्मा (पत्रिका फाइल फोटो)
जयपुर। पटवारियों के 23 दिन के गिरदावरी कार्य बहिष्कार के बाद सरकार बैकफुट पर आ गई है। डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत ऑनलाइन गिरदावरी को लेकर जारी पुराने आदेश को राजस्व विभाग ने वापस ले लिया है। अब नई एसओपी के साथ गिरदावरी की व्यवस्था बदलेगी और बुधवार से पटवारी फिर खेतों में फसल का हिसाब दर्ज करने उतरेंगे। राजस्थान में डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) के तहत मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन गिरदावरी कार्य को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए राज्य सरकार जल्द ही नई स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) जारी करने जा रही है।
राजस्व विभाग ने मंगलवार को जारी आदेश में स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन गिरदावरी के लिए नई एसओपी जारी की जानी है, जिसके चलते विभाग की ओर से गत 5 फरवरी को जारी आदेश को वापस ले लिया है। विभाग ने इस आदेश को राजस्थान के सभी संभागीय आयुक्तों, जिला कलक्टर, राजस्व मंडल, अजमेर के निबंधक, राज्य नोडल अधिकारी और डीओआइटी के अधिकारियों को कार्रवाई के लिए भिजवा दिया है।
नई एसओपी जारी होने के बाद प्रदेश भर में पटवारियों की ओर से ऑनलाइन गिरदावरी का काम नई गाइडलाइंस के आधार पर किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि राज्य के पटवारी डिजिटल क्रॉप सर्वे गिरदावरी ऐप में संशोधन की मांग कर रहे थे। उनका कहना है कि ऐप से गिरदावरी करने में तकनीकी और व्यवहारिक समस्याएं आ रही थीं। डिजिटल क्रॉप सर्वे से प्राप्त आंकड़ों को फसल उत्पादन आकलन, कृषि सांख्यिकी, कृषि नीति निर्माण, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्राकृतिक आपदा राहत और विभिन्न किसान कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण आधार बनाया गया था।
राज्य सरकार के राजस्व विभाग ने मंगलवार को प्रदेश में डिजिटल क्रॉप सर्वे के अंतर्गत मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन गिरदावरी कार्य को लेकर पूर्व में जारी आदेश को वापस ले लिया। इसके विरोध में 23 दिन से पटवारी हड़ताल पर थे। सरकार के आदेश वापस लेने के साथ ही पटवारियों ने बुधवार से खरीफ की फसल की गिरदावरी का कार्य करने की घोषणा कर दी है।
राजस्व विभाग के शासन उप सचिव हरिसिंह मीना ने आदेश में कहा कि प्रदेश में डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) के अंतर्गत मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन गिरदावरी कार्य के लिए एसओपी जारी की जानी है। अतः पूर्व में 5 फरवरी को जारी परिपत्र को प्रत्याहरित किया गया है। नागौर जिला पटवार संघ के महामंत्री प्रदीप काला ने बताया कि सरकार के इसी आदेश की परेशानियों के समाधान के लिए पटवारी आंदोलन कर रहे थे। यह आदेश सरकार ने प्रत्याहरित कर लिया है। ऐसे में पटवारी अब बुधवार से अपना पूरा काम काज करेंगे। खरीफ की गिरवारी का कार्य भी शुरू कर देंगे। साथ ही हड़ताल समाप्त कर दी गई है।
Updated on:
26 Aug 2026 08:57 am
Published on:
26 Aug 2026 08:57 am
