
फाइल फोटो पत्रिका
LPG Crisis : गैस कंपनियों के घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता और आपूर्ति के सभी दावे फेल होते नजर आ रहे हैं। कंपनियों ने अप्रेल में आपूर्ति का नया फार्मूला लागू करते हुए घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई में 20 फीसदी कटौती कर दी है। कंपनियों ने सप्लाई में 20 फीसदी कटौती अप्रेल-2025 की बिक्री को आधार बनाते हुए की है।
कंपनियों के सप्लाई के इस फार्मूले से एजेंसी संचालक और उपभोक्ताओं की परेशानी को बढ़ा दिया है। ऐसे में अप्रेल में 25 दिन बाद बुकिंग कराने पर उपभोक्ताओं को 10 दिन से पहले सिलेंडर नहीं मिल रहा है। एजेंसी संचालक कह रहे हैं कि सप्लाई में कटौती से उपभोक्ताओं को कई बार सिलेंडर खत्म होने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
वही दूसरी तरफ एलपीजी संकट ने जयपुर शहर को बेहाल कर दिया है। खुलेआम कालाबाजारी करने वाले अब सुनसान गलियों और दुकानों से आगे बढ़कर अपने घरों में ही सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग का खतरनाक धंधा कर रहे हैं। यह खेल न सिर्फ कानून की धज्जियां उड़ा रहा है, बल्कि हजारों लोगों की जान को भी जोखिम में डाल रहा है। बुधवार को बिंदायका और मानसरोवर क्षेत्र में रसद विभाग की स्पेशल टीम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने इस काले धंधे का पर्दाफाश किया।
जिला रसद अधिकारी जयपुर प्रथम प्रियव्रत चारण ने बताया कि बिंदायका क्षेत्र के मारुति नगर में आबादी के बीच एक घर में सिलेंडर की अवैध रिफिलिंग की सूचना मिली थी। इस पर स्पेशल टीम और बिंदायका पुलिस ने छापा मारा। यहां मोहनलाल रैगर घरेलू सिलेंडर से 5 किलो वाले छोटे सिलेंडरों में अवैध रिफिलिंग कर रहा था। पूछताछ में सामने कि वह 240 रुपए किलो के हिसाब से गैस बेच रहा था। मौके से 5 घरेलू, 5 अप्रमाणित छोटे सिलेंडर और एक व्यावसायिक सिलेंडर जब्त किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है।
मानसरोवर के रीको क्षेत्र में दबिश देकर पुलिस ने मेहराज अंसारी को पकड़ा। उसके पास से 5 किलो वाले 16 अप्रमाणित सिलेंडर जब्त किए गए। कार्रवाई के बाद जिला रसद अधिकारी के निर्देश पर अंसारी के खिलाफ घरेलू गैस सिलेंडर की अवैध रिफिलिंग को लेकर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत शिप्रापथ थाने में मामला दर्ज कराया गया।
Updated on:
09 Apr 2026 10:13 am
Published on:
09 Apr 2026 10:13 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
