
हमारा काम समाजों को जोड़ना, तोड़ने का काम तो भाजपा करती है : गुलाम नबी
सुनील सिंह सिसोदिया / जयपुर। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी ने कहा कि रामंदिर कांग्रेस का चुनावी मुद्दा नहीं है। ऐसे चुनावी मुद्दे तो भाजपा ही लाती है। कांग्रेस का मुददा तो हमेशा विकास का ही रहा है। कांग्रेस का मुद्दा तो समाजों को जोडऩे का ही होता है। तोडऩे का काम तो भाजपा करती है। कांग्रेस ने कभी भी चुनाव में इस तरह के मुद्दे नहीं उठाए, जिससे समाज आपस में लड़ जाएं। कांग्रेस विकास को मुद्दा बनाकर ही चुनाव अब लड़ेगी। धर्म और जाति की बात नहीं होगी।
कांग्रेस सांसद नबी शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कालाधन लाने की बात कर देश में नोटबंदी लागू कर दी। इसमें उनके कालेधन को व्हाइट करने का ही काम हुआ। विदेश से कालाधन तो नहीं आया, लेकिन चंद लोग व्हाइटमनी को विदेश ले गए। फिर ऐसी विदेश यात्राओं का क्या मतलब कि एक भी भगौड़े को वापस नहीं ला सके।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा की कोई पहली बार देश में सरकार नही बनी, पहले भी बन चुकी हैं। लेकिन जो साढ़े चार साल में हुआ है, ऐसा पहले कभी नही हुआ। चाहे 125 करोड की आबादी वाले देश के प्रधानमंत्री ने कभी झूठे ओर गलत वादे नहीं किए थे, क्योंकि उनके वादों को देश ही नही विश्व के लोग भी देखते हैं। लेकिन अभी जो केन्द्र में सरकार है, उसने ऐसे वादे किए जो कभी पूरे नहीं किए जा सकते।
नबी ने कहा कि मोदी सरकार ने हर साल 2 करोड रोजगार देने की बात कही थी तो राजस्थान की वसुंधरा राजे सरकार ने 15 लाख नौकरी का वादा किया था। इन वादों का आज तक कुछ नहीं हुआ। दोनों ही लंबी फेंकते हैं। वो देश के हिसाब से लंबी फेंकते है और ये राजस्थान के हिसाब से फेंकती हैं। प्रधानमंत्री ने बेटी बचाओ, बेटी पढाओं का नारा दिया। लेकिन पढ़ाई के बाद भी रोजगार बेटियों को मिला नहीं और बच्चियां सुरक्षित नहीं। ऐसे में यह वादा खोखला ही साबित हुआ है।
राजस्थान में पांच साल में 87 हजार केस दर्ज हुए हैं, तो इस साल पोस्को में ही 1100 केस फाइल हुए। 100 से ज्यादा किसानों ने प्रदेश में आत्महत्या की है। समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीद नहीं हो रही। केन्द्र सरकार का स्मार्ट सिटी का वादा था, लेकिन इस पर अब तक मात्र 2 फीसदी राशि खर्च कर सके हैं। सरकार ने जयपुर जैसे शहर को स्मार्ट सिटी की जगह खोद कर जरूर रख दिया है। शहर स्मार्ट तो नहीं बना, लेकिन स्मार्ट सीईओ जरूर बदल दिए गए। स्वच्छ भारत का दावा खोखला पहले ही साबित हो चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले भ्रष्टाचार कुछ लाखों में करती थी, लेकिन अब भाजपा शासित प्रदेशों ने हजारों करोड़ रुपए में हो रहा है। उन्होंने जयपुर के खान घोटाले सहित कई भ्रष्टाचार के मामले गिनाए। आज रफाल विमान खरीद की जानकारी सरकार सुप्रीम कोर्ट और संसद को नहीं दे पा रही है। अपराधियों को टिकट दिए जाने के सवाल पर नबी ने कहा कि सारे अपराधी तो भाजपा में हैं।
Updated on:
03 Nov 2018 06:58 pm
Published on:
03 Nov 2018 06:58 pm
