
Rajasthan Election 2023 Live
Rajasthan Election 2023 Live : पूरे राजस्थान में वोट डालने के लिए मतदान केंद्रों के बाहर लोगों की कतारें लगने के बीच, राजधानी जयपुर के पलवाला जाटान गांव के ग्रामीणों ने क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए चुनाव का बहिष्कार किया है। ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार इसलिए किया है क्योंकि पिछले कई सालों से उनकी मांग है कि गांव को तुंगा से जोड़ा जाए। हालांकि किसी भी सरकार ने उनकी मांग को अभी तक पूरा नहीं किया। मिली जानकारी के अनुसार, मतदान शुरू होने से लेकर शाम तक गांव से एक भी ग्रामीण बूथ पर वोट डालने नहीं पहुंचा।
ये ग्रामीण पिछले सात चुनावों का भी बहिष्कार कर चुके हैं। राज्य सरकार एवं अधिकारियों की उदासीनता और समस्याओं के समाधान में जन प्रतिनिधियों की निष्क्रियता से नाराज गांव के लोगों ने इस बार भी चुनाव का बहिष्कार करने का फैसला किया। पोलिंग बूथ संख्या 155 पर तैनात एसडीएम, एसीपी फूलचंद मीना और पुलिसकर्मी मतदान के लिए ग्रामीणों का इंतजार करते रहे। सूत्रों के अनुसार, प्रशासन के आग्रह पर केवल 6 से 7 राज्य कर्मचारियों ने वहां जाकर मतदान किया।
उल्लेखनीय है कि सत्तारूढ़ कांग्रेस और भाजपा सहित प्रमुख राजनीतिक दलों के व्यस्त प्रचार के बाद प्रदेश में मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ। मतदाता शाम 6 बजे तक वोटिंग कर सकेंगे। सत्तारूढ़ कांग्रेस जहां अपने कामों को गिनाकर फिर से सत्ता में लौटना चाहती है, जबकि भारतीय जनता पार्टी पीएम नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को भुनना चाहती है ताकि अशोक गहलोत सरकार को सत्ता से बेदखल किया जा सके।
Published on:
25 Nov 2023 05:57 pm
