
CM Vasundhara Raje
जयपुर। प्रदेश भाजपा ने प्रत्याशियों के चयन की रायशुमारी का दूसरा चरण शनिवार से शुरू किया। आमेर के एक रिजोर्ट में शुरू हुई रायशुमारी में पहले दिन भरतपुर संभाग के चारों जिलों के साथ अजमेर शहर, देहात, टोंक, दौसा से बुलाए गए अपेक्षित पदाधिकारियों से रायशुमारी की।
सूत्रों के मुताबिक रायशुमारी के तहत धोलपुर जिले की राजाखेड़ा विस सीट से आए पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से मांग की कि वे राजाखेड़ा से चुनाव लड़ें। रायशुमारी के पहले दिन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे मौजूद नहीं रहीं। वे देर शाम जयपुर पहुंची व कोर कमेटी के सदस्यों से रायशुमारी का फीडबैक लिया।
केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि पार्टी का चिह्न कमल ही हमारा प्रत्याशी है, चाहे प्रत्याशी के रूप में टिकट किसी को भी मिले। कार्यकर्ता व जनता की ताकत से हम आगे बढ़ रहे हैं और इसी से भाजपा फिर से सत्ता में आएगी। कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि आप लोग सर्वे पर ध्यान मत दो, अपने मन में एक भाव पक्का करो कि 'भाजपा फिर से'।
जावड़ेकर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों के दिलों से कांग्रेस उतर चुकी है, यह वही कांग्रेस है जिसने गरीबी को नहीं गरीब को ही हटाने का काम किया है। उन्होंने कहा, कांग्रेस के खिलाफ पूरे देश में माहौल चल रहा है। कांग्रेस घुसपैठियों का साथ दे रही है और देश को बांटने वाली ताकतों के पक्ष में कांग्रेस खड़ी हुई है।
इसी कांग्रेस ने बोलने की आजादी (आपातकाल के समय में) को खत्म करने का काम किया था। कांग्रेस अब दो तरह की हो गई है, कांग्रेस जो महात्मा गांधी के समय पर थी वो सत्य के सहारे पर चलती थी और राहुल गांधी की कांग्रेस सिर्फ झूठ पर ही चल रही है। रफाल का जिक्र करते हुए जावड़ेकर ने कहा कि इस सौदे का केवल दो लोग विरोध कर रहे हैं, जिसमें एक पाकिस्तान है तो दूसरी कांग्रेस है। उन्होंने इस बात का भी जिक्र किया कि जो देश से पैसा लेकर भागे हैं, उन्हें मोदी सरकार ही वापस लाएगी। मोदी सरकार ने उद्योगपतियों का कोई भी कर्ज माफ नहीं किया है।
डाला दबाव तो पड़ी नेताओं की डांट
रायशुमारी के दौरान कुछ विधायकों ने अपने साथ आए पदाधिकारियों पर दबाव डाला कि वे पर्ची में एक ही नाम डालें, इस पर रायशुमारी कर रहे नेताओं ने एेसे विधायकों को डांटा और कहा कि यदि वे एेसा करेंगे तो रायशुमारी में उनका नाम भी शामिल नहीं किया जाएगा।
इन जिलों की हुई चर्चा
भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, करौली, टोंक, दौसा, अजमेर देहात, अजमेर शहर।
आज इन जिलों की होगी रायशुमारी
भीलवाड़ा, नागौर शहर, नागौर देहात, झुंझुनूं, अलवर जिले की 35 विधानसभा सीटों को लेकर रविवार को रायशुमारी होगी।
विधायकों और उम्मीदवारों में हुई कहासुनी
रायशुमारी में मालपुरा विधायक व एक अन्य प्रत्याशी में कहासुनी हो गई। सवाईमाधोपुर के पदाधिकारियों ने मांग की कि बाहरी प्रत्याशी नहीं चाहिए। जब रायशुमारी खत्म हुई तो कई जगह के पदाधिकारी इस बात पर भी आपस में उलझने लगे कि उन्होंने एक-दूसरे का नाम नहीं दिया।
फिर से हम सरकार बनाएंगे: मदनलाल सैनी
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने कहा कि राज्य व केन्द्र सरकार ने ऐसा कोई काम नहीं किया है, जिससे हमारा सिर झुक जाए। उन्होंने कहा
कि प्रचण्ड बहुमत के साथ फिर से हम सरकार बनाएंगे।
Updated on:
21 Oct 2018 11:31 am
Published on:
21 Oct 2018 08:17 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
