जयपुर/ विकास जैन.Rajasthan Election 2023 : राजस्थान विधानसभा चुनाव 23 नवंबर को होंगे। इसी दिन प्रदेश में देवउठनी एकादशी का बड़ा सावा है। इसी दिन चुनाव की घोषणा से राजस्थान के मतदाता सकते में हैं। एक अनुमान के अनुसार इस अबूझ सावे के दिन प्रदेश में करीब 60 हजार शादियां होंगी। प्रति विवाह 100 बाहरी मेहमानों का भी आकलन करें तो प्रदेश के करीब 60 लाख लोग मतदान वाले दिन अपने शहर, गांव या कस्बे से बाहर दूसरे स्थानों पर होंगे। इनके लिए मतदान करना आसान नहीं होगा। राजस्थान पत्रिका की ओर से प्रदेश के सभी जिलों में करवाए गए बड़े सर्वे में 91 प्रतिशत मतदाताओं ने कहा कि चुनाव आयोग के इस फैसले से प्रदेश में मतदान प्रतिशत गिरेगा। 67 प्रतिशत ने कहा कि इससे विवाह वाले घरों में शादी का बजट भी गड़बड़ाएगा और परिवारों को वैवाहिक संसाधनों के लिए महंगी कीमत चुकानी पड़ेगी। सर्वाधिक परेशानी 23 नवंबर को बारातों के लिए वाहनों की व्यवस्था में होगी।