
Suryakanta Vyas Passed Away: राजस्थान के जोधपुर जिले की सूरसागर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहीं सूर्यकांता व्यास ने 86 वर्ष की उम्र में बुधवार सुबह अंतिम सांस ली। सूर्यकांता व्यास (जीजी) पिछले करीब 10 महीने से बीमार चल रही थीं। उनके निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक लहर छाई हुई है।
सूर्यकांता व्यास भाजपा से 6 बार विधायक रहीं। फिर भी उनके पूर्व सीएम अशोक गहलोत से अच्छे संबंध थे। बताते चलें कि विधानसभा चुनाव 2023 में सूरसागर सीट से भाजपा ने उनका टिकट काटा था तो अशोक गहलोत खुद उनके घर मिलने पहुंचे थे। गहलोत जीजी को अपनी बहन मानते थे। कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी सूर्यकांता व्यास उन्हें अपना भाई बताकर आशीर्वाद देती रहीं।
सूर्यकांता व्यास ने पूर्ववर्ती गहलोत के बजट को लेकर विधानसभा में तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की तारीफ की थी। जिस पर संगठन मंत्री चंद्रशेखर ने खुद फोन कर जीजी से नाराजगी जताई थी। गजेंद्र सिंह शेखावत ने तो इसे बुढ़ापे की गलती का बयान बता दिया था। जिसके बाद सूर्यकांता व्यास काफी नाराज भी हुईं थी।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जीजी के निधन को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि 'सूरसागर से विधायक रहीं सूर्यकान्ता व्यास "जीजी" का निधन बेहद बेहद दुखद है। जीजी जीवन के इस दौर में भी सक्रियता से जनसेवा में जुटी रहीं। जीजी का मेरे प्रति लगाव एवं स्नेह अद्वितीय था। उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति भी है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिजनों को हिम्मत देने की प्रार्थना करता हूं।'
मुख्ममंत्री भजनलाल शर्मा ने भी पूर्व विधायक सूर्यकांता व्यास के निधन पर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि 'सूरसागर विधानसभा से पूर्व विधायक, भाजपा परिवार की वरिष्ठ सदस्या सूर्यकान्ता व्यास 'जीजी' के निधन का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ।
कुछ दिन पूर्व ही उनसे भेंट हुई थी जहां उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त करने का सुअवसर प्राप्त हुआ। मेरे प्रति उनका अपार स्नेह और वात्सल्य सदैव बना रहा। उनका स्वर्गवास भारतीय जनता पार्टी परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।
प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिवार को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।'
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भी अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर लिखा कि 'सूरसागर विधानसभा की पूर्व विधायक सूर्यकांता व्यास जी के निधन पर मैं गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहने का संबल प्रदान करें।'
वहीं, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सूर्यकांता व्यास के निधन पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि 'हमारी वरिष्ठ नेता श्रद्धेय सूर्यकांता व्यास जी का देहावसान जोधपुर क्षेत्र के सामाजिक-राजनीतिक जीवन की अपूरणीय क्षति है। “जीजी” छह बार क्षेत्र से विधायक रहीं। उनकी लोकप्रियता और वरिष्ठता का सभी सम्मान करते थे। इस लोकसभा निर्वाचन के पूर्व मुझे उनका आशीर्वाद मिला था। उनसे हुई भेंट स्मृति पटल पर अंकित है। मैं हृदय से दुखी हूँ। प्रभु श्रीराम उनकी आत्मा को अपनी शरण प्रदान करें। परिवारजनों और समर्थकों को संबल प्राप्त हो।'
सूर्यकांता व्यास उर्फ जीजी ने अपने करियर की शुरूआत पार्षद से की थी। जिसके बाद वह छह बार विधायक रहीं। उन्होंने 1990 में अपना पहला चुनाव जोधपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से जीता। इसके बाद वे तीन बार शहर विधानसभा क्षेत्र से चुनकर विधानसभा पहुंचीं।
जिले का परिसीमन होने के बाद 2008 में उन्होंने जोधपुर के सूरसागर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और जीतीं। इसके बाद वे लगातार तीन बार इसी विधानसभा क्षेत्र से जीत कर सदन तक पहुंचीं। 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इस सीट पर टिकट बदल दिया था। उनकी जगह भाजपा ने नए चेहरे देवेंद्र जोशी को मैदान में उतारा था।
Updated on:
25 Sept 2024 05:18 pm
Published on:
25 Sept 2024 10:47 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
