
अरविंद सिंह शक्तावत
जयपुर। राज्य की भाजपा सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में चार लाख सरकारी नौकरियां देने के वादे के तहत सभी विभागों में रिक्त होने वाले पदों की जानकारी जुटाई है। विभागवार मिली जानकारी के अनुसार चार साल में 1 लाख 31 हजार 193 पद रिक्त होंगे। यह पद 52 सरकारी विभागों से जुड़े हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में पिछले सप्ताह हुई बैठक में कार्मिक विभाग ने इन पदों की जानकारी दी थी। सरकार इन पदों को रिक्त होने के साथ ही भरने की तैयारी में जुट गई है।
सूत्रों के अनुसार सबसे ज्यादा पद शिक्षा विभाग में रिक्त होंगे। शिक्षा विभाग में आगामी चार साल में 66 हजार 202 पद रिक्त होंगे। दूसरे नम्बर पर गृह विभाग है। इस विभाग में 21 हजार 324 पद रिक्त होंगे। तीसरे नम्बर पर स्वायत्त शासन विभाग है। इस विभाग में 9 हजार 417 पद रिक्त होंगे।
चौथे नम्बर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग है, जिसमें आगामी चार साल में 4 हजार 268 पद रिक्त होंगे। जानकारी के अनुसार 52 विभागों में से 14 विभाग ऐसे हैं, जिनमें एक हजार से ज्यादा पद रिक्त होंगे। वहीं 38 विभाग ऐसे हैं, जिनमें 3 पदों से लेकर 900 पद रिक्त होंगे। सबसे कम पद खाद्य विभाग (उपभोक्ता मामले) में रिक्त होंगे। इस विभाग में मात्र 3 ही पद रिक्त होंगे। राज्य सरकार की ओर से जारी अधिकृत सूचना के अनुसार सरकार पिछले सप्ताह तक 67 हजार 40 पदों पर नियुक्तियां दे चुकी है। वहीं 1 लाख 88 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है।
राज्य सरकार इस साल विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित करने जा रही है। सबसे बडी भर्ती चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की है। प्रशासनिक सुधार विभाग 53 हजार 749 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पदों पर भर्ती करेगा। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की इस भर्ती की परीक्षा 18 सितम्बर से लेकर 21 सितम्बर तक निर्धारित है।
फरवरी 2024: 2,109
जून 2024: 20,168
सितम्बर 2024: 8,032
दिसम्बर 2024: 15,471
जनवरी 2025: 13,456
मार्च 2025: 7,804
-67,040 वर्तमान सरकार में दी गई नियुक्तियां
-2,569 परीक्षा परिणाम जारी, लेकिन नियुक्तियां देना बाकी
-2,569 साक्षात्कार किए जाने शेष
-21,319 परीक्षा आयोजित, परिणाम जारी होना बाकी
-93,848 विज्ञापन जारी
-42,362 विज्ञापन जारी होना बाकी
-3,812 न्यायालय में लंबित
(यह जानकारी सीएम की बैठक के दिन तक की है)
राज्य सरकार ने चार लाख नियुक्तियां देने का जो लक्ष्य रखा है, उसमें 25 हजार पद संविदा के भी शामिल हैं। राज्य सरकार आगामी चार सालों में 25 हजार सरकारी पदों पर संविदा के आधार पर नियुक्ति देगी।
Updated on:
13 Apr 2025 10:49 am
Published on:
13 Apr 2025 07:26 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
