
महेंद्रजीत सिंह मालवीया। फाइल फोटो पत्रिका
Rajasthan Politics : भाजपा को बाय-बाय कह कर कांग्रेस में दोबारा शामिल होने आए महेंद्रजीत सिंह मालवीया की पार्टी में वापसी पर कांग्रेस हाईकमान की मुहर लग गई है। अनुशासन समिति की रिपोर्ट के बाद ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की मंजूरी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मुहर के बाद राजस्थान कांग्रेस ने महेंद्रजीत सिंह मालवीया की कांग्रेस में वापसी का आधिकारिक तौर पर ऐलान किया है।
महेंद्रजीत सिंह मालवीया ने 11 जनवरी को ही कांग्रेस पार्टी का हाथ थामने की बात कही थी। पर मालवीया की वापसी को औपचारिक अमलीजामा पहनाने में 5 दिन का समय लगा। लोकसभा चुनाव 2024 में मालवीया ने अचानक बीजेपी का दामन थाम लिया था।
भाजपा को छोड़कर कांग्रेस में आने के उतावले महेंद्रजीत सिंह मालवीया ने 11 जनवरी को प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा से मुलाकात की। मौके पर पीएससी के गोविंद डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी साथ थे। इसके बाद गोविंद डोटासरा ने यह मामला पार्टी की अनुशासन समिति को भेज दिया था। शुक्रवार को अनुशासन समिति के अध्यक्ष उदयलाल आंजना की अगुवाई में शकुंतला रावत, विनोद गोठवाल और हाकम अली ने विचार मंथन के बाद रिपोर्ट पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा को सौंप दी थी।
इससे पूर्व प्रदेश कांग्रेस की अनुशासन समिति अध्यक्ष उदयलाल आंजना की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर मिली शिकायतों के साथ-साथ पूर्व में निष्कासित नेताओं की कांग्रेस में वापसी को लेकर आए आवेदनों पर चर्चा की गई।
सूत्रों के अनुसार, उन नेताओं के आवेदनों पर भी विमर्श हुआ, जो पुनः कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं। इनमें पूर्व मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीया के अलावा कांता भील, खिलाड़ीलाल बैरवा, कैलाश मीणा, सुभाष तंबोली और गोपाल गुर्जर सहित अन्य नेताओं के नाम सामने आए।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उदयलाल आंजना ने बताया कि मालवीया सहित सात नेताओं की कांग्रेस में वापसी को लेकर अनुशासन समिति में चर्चा हुई है।
अनुशासन समिति सदस्य शकुंतला रावत ने कहा कि कई कांग्रेस नेताओं को दबाव में भाजपा में ले जाया गया था, लेकिन अब उनमें से कई नेताओं का भाजपा से मोहभंग हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में भाजपा के और भी नेता कांग्रेस में शामिल होंगे और कई नेताओं ने इसके लिए संपर्क किया है।
राजस्थान से जुड़ी हर ताज़ा खबर, सीधे आपके WhatsApp पर
जुड़ें अभी : https://bit.ly/4bg81fl
Published on:
17 Jan 2026 12:37 pm

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
