
जयपुर।
जयपुर जिले में सफाई कर्मचारियों की भर्ती के लिए बुधवार को आयोजित होने वाली ऑनलाईन लॉटरी के परिणामों का प्रकाशन या घोषणा नहीं की जाएगी और न ही उन्हें जारी किया जाएगा। जिला कलक्टर सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि जिले की किशनगढ़ रेनवाल एवं जोबनेर नगरपालिकाओं की लॉटरी का आयोजन भी स्थगित किया गया है, इन निकायोें की लॉटरी अब 30 जून, 2018 को प्रातः 11 बजे निकाली जाएगी। इनके परिणाम भी घोषित नहीं होंगे।
उन्होंने बताया कि स्वायत शासन विभाग, राजस्थान, जयपुर द्वारा सफाई कर्मचारियों की भर्ती के संबंध में डी.बी सिविल रिट पिटिशन सं. 13187/2018 अखिल भारतीय वाल्मिकी समाज आरक्षण सामाजिक शोध एवं विकास समिति बनाम राज्य सरकार एवं अन्य में माननीय राजस्थान उच्च न्यायालय के आदेश दिनांक 26.06.2018 के क्रम में लॉटरी का परिणाम घोषित नहीं करने के संबंध में निर्देश प्राप्त हुए है।
जिला कलक्टर ने बताया कि जिले में बुधवार को लॉटरी का नियमानुसार आयोजन करने के बाद लॉटरी के परिणामों को समिति के सदस्यों से हस्ताक्षर कराने के बाद सील बन्द कर आगामी आदेशों तक सुरक्षित रखा जाएगा।
भवानी निकेतन महाविद्यालय में निकाली जाएगी लॉटरी
जयपुर नगर निगम तथा जयपुर जिले की समस्त 10 नगरपलिकाओं में सफाई कर्मचारियोें की भर्ती के लिए ऑनलाईन लॉटरी बुधवार को निकाली जाएगी। जिला कलक्टर सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि ऑनलाईन लॉटरी के लिए भवानी निकेतन महाविद्यालय में प्रक्रिया बुधवार, 27 जून को प्रातः 11 बजे से शुरू होगी।
महाजन ने बताया कि ऑनलाईन लॉटरी के लिए जिले के नगरीय निकायों का क्रम निर्धारित किया गया है। इसके तहत सबसे पहले जयपुर नगर निगम की लॉटरी निकाली जाएगी। इसके बाद नगरपालिका बगरू, चाकसू, चौमू, जोबनेर, किशनगढ़ रेनवाल, कोटपूतली, फुलेरा, सांभर, शाहपुरा व नगरपालिका विराटनगर की लॉटरी निकाली जाएगी।
महापौर व नगरपालिकाओं के अध्यक्ष होंगे शामिल
सफाई कर्मचारियोें की भर्ती के लिए ऑनलाईन लॉटरी प्रक्रिया संपादित करने के लिए जिला कलक्टर की अध्यक्षता में गठित चयन समिति में जयपुर नगर निगम के महापौर तथा नगरपलिकाओं बगरू, चाकसू, चौमू, जोबनेर, किशनगढ़ रेनवाल, कोटपूतली, फुलेरा, सांभर, शाहपुरा व विराटनगर के अध्यक्ष भी सदस्य के रूप में शामिल है। इनको ऑनलाईन लॉटरी प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
जयपुर नगर निगम के लिए चयन समिति में आयुक्त नगर निगम तथा संबंधित नगरपालिकाओं की चयन समितियों में उनके अधिशाषी अधिकारी सदस्य सचिव है। इसके अलावा उप निदेशक (क्षेत्रीय) स्वायत शासन विभाग, जयपुर तथा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के मनोनीत सदस्य श्री महेश बिवाल सभी चयन समितियों में सदस्य के रूप में शामिल है।
आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाओें के निर्देश
जिला कलक्टर ने सफाई कर्मचारी भर्ती, 2018 की लॉटरी से संबंधित प्रक्रिया के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम, जयपुर, पुलिस उपायुक्त (पश्चिम), पुलिस उपायुक्त (यातायात), मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के एसीपी सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किये है। लॉटरी प्रक्रिया से संबंधित समस्त व्यवस्थाओें के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर (दक्षिण) हरिसिंह मीना को प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाओं के लिए उपखण्ड अधिकारी जयपुर प्रथम आशीष कुमार, सहायक कलक्टर, आमेर कुन्तल विश्नोई तथा नायब तहसीलदार सतीश शास्त्री को भी नियोजित किया है।
Updated on:
27 Jun 2018 08:16 am
Published on:
27 Jun 2018 08:14 am
