
Weather
Rajasthan Weather News: राजस्थान में सर्दी का असर लगातार जारी है। रविवार को राज्य के अधिकतर जिलों में रात का पारा 15 डिग्री से कम दर्ज किया गया। इसके अलावा चार जगहों पर रात का पारा 10 डिग्री से कम दर्ज हुआ। सबसे कम न्यूनतम तापमान माउंट आबू में सात डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा फतेहपुर में 9.5 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 23 नवंबर तक राजस्थान में बारिश की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में मौसम साफ रहने के साथ पारे में गिरावट के साथ सर्दी का असर ज्यादा बढ़ सकता है। अर्बुदांचल की हसीन वादियों में रविवार सवेरे सर्द कोहरे से ठंड का असर रहा। लोगों ने ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों का सहारा लिया। वहीं सैलानी भी सूर्याेदय के समय भ्रमण का लुत्फ उठाते देखे गए। समूचे माउंट आबू की पहाडिय़ों में कोहरा छाया रहा। जो दिन चढ़ने के बाद धीरे-धीरे छंटता गया। सवेरे कोहरे के बीच से उगते सूरज की लालिमा का मनभावन नजारा आकर्षण का केंद्र बना रहा।
दिन में भी पहाडिय़ों में हल्का कोहरा छाया रहने से ठंडक बनी रही। रविवार को तीसरे दिन भी न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस पर अटका रहा। दिन के समय आसमान में हल्के बादलों का आवागमन बना रहा, जिससे अधिकतम तापमान में आई गिरावट के चलते तापमापी का पारा 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। देश के विभिन्न हिस्सों से आए सैलानियों ने क्षेत्र के विभिन्न दर्शनीयस्थलों का दीदार करते हुए पर्यटन यात्रा का आनंद लिया। पर्यटकों में सेल्फी का खासा क्रेज देखा गया।
यह भी पढ़ें : मौसम में अचानक हुआ फिर बदलाव, अगले 4 दिन तक कैसा रहेगा मौसम, IMD ने दिया संकेत
Published on:
20 Nov 2023 08:52 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
