
अगले 5 दिन तक गर्मी, 15 अक्टूबर से बदलेगा शहर का मौसम.
जयपुर। दीपोत्सव पर्व संपन्न होने के बाद अब प्रदेश के मैदानी इलाकों में गुलाबी सर्दी की आहट महसूस होने लगी है। बीती रात प्रदेश के 18 जिलों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज हुआ। जयपुर समेत कई जिलों में रात के तापमान में गिरावट होने से मौसम का मिजाज सर्द हो गया है। सीकर, अलवर, करौली, संगरिया जिले बीती रात दो तीन डिग्री तक पारा लुढ़कने से सबसे सर्द रहे हैं। मौसम विभाग ने भी आगामी दिनों में रात के तापमान में और ज्यादा गिरावट होने और उत्तर पूर्वी इलाकों में हल्की धुंध का असर नजर आने की संभावना जताई है।
बीती रात सीकर जिले में न्यूनतम तापमान में दो- तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हुई। जिले का फतेहपुर कस्बा 12.7 डिग्र्री तापमान के साथ सबसे सर्द रहा। वहीं सीकर में रात का तापामन 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो कल की तुलना में दो डिग्री कम है। संगरिया 14.6, अलवर 15.8, पिलानी 16, करौली 15.9, चूरू 15, श्रीगंगानगर 17.1, जालोर 16.6, माउंटआबू 14.4, अंता बारां 16.5,सिरोही 13.1 और जोधपुर में रात का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में सीजन में पहली बार बीती रात पारा 20 डिग्री से कम दर्ज हुआ। शहर का न्यूनतम तापमान 01 डिग्री लुढ़क कर 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा। कोटा में 19.5 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। दूसरी तरफ प्रदेश के पश्चिमी मैदानी इलाकों में अब भी रात में मौसम शुष्क बना रहा है। फलोदी में बीती रात सर्वाधिक 25.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। वहीं बाड़मेर 21.3, जैसलमेर 21.8 और बीकानेर में रात में पारा 21.5 डिग्री सेल्सियस पर ठहरा रहा।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार कम हैं लेकिन धीमी रफ्तार से पुरवाई हवाएं चलने पर रात के तापमान में एक दो डिग्री तक और गिरावट होने की संभावना है। जिसके चलते रात में गुलाबी सर्दी का जोर बढ़ने के आसार हैं। वहीं उत्तर भारत में छाई धुंध के असर से प्रदेश के उत्तर पूर्वी भागों में भी सुबह के वक्त हल्की धुंध की परत नजर आने का अनुमान है।
Published on:
04 Nov 2024 10:25 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
