
जयपुर। आईपीएल में Rajasthan Royals के पूर्व खिलाड़ी और भारतीय क्रिकेट टीम के शानदार ऑलराउंडर Ravindra Jadeja की पत्नी Reeva Solanki से पुलिस द्वारा बदसलूकी का मामला सामने आया है। ये घटना जामनगर की है। रवींद्र जडेजा की पत्नी रीवा की कार एक पुलिसकर्मी की बाइक से टकरा गई, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने जडेजा की पत्नी को थप्पड़ जड़ दिया।
बीएमडब्ल्यू कार चला रही थी रीवा
रीवा जडेजा अपनी बीएमडब्ल्यू कार से जा रही थीं। तभी उनकी कार की टक्कर सामने से आ रही पुलिसवाले की गाड़ी से हो गई। इसके बाद दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि पुलिसकर्मी ने रीवा को थप्पड़ मार दिया। झगड़ा बढ़ता देख आसपास खड़े लोगों ने बीच-बचाव किया और जडेजा की पत्नी रीवा को डीएसपी ऑफिस भेजा। जडेजा की पत्नी रीवा से जिस पुलिसवाले ने मारपीट की, उसका नाम संजय अहिर बताया जा रहा है। गाड़ी खुद रीवा चला रही थीं और उनके साथ एक बच्चा भी बैठा हुआ था। रिपोट्र्स के मुताबिक जडेजा की पत्नी को हल्की चोट भी आई है।
कर्मचारी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश
सडक़ पर हुए इस बवाल के बाद रीवा की शिकायत पर पुलिस हरकत में आ गई। जामनगर जिले के पुलिस अधीक्षक प्रदीप सेजुल ने कहा कि महिला के साथ बदसलूकी के मामले में पुलिस कर्मचारी के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की जायेगी। साथ ही उन्होंने कर्मचारी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए।
राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल फाइनल जीताने में महत्वपूर्ण भूमिका
रविन्द्र जडेजा 2008 में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के उदघाटन सत्र में राजस्थान रॉयल्स टीम का हिस्सा बने। उनके आईपीएल मैचों में शानदार प्रदर्शन के कारण टीम के कप्तान और कोच शेन वार्न ने उनकी काफी प्रशंसा की। 2008 के फाइनल में उन्होंने अपनी टीम को जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसमें 1 जून 2008 को मुंबई में खेले गए आईपीएल फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स को हराया। उन्होंने आईपीएल सीजन में 14 मैचों में 135 रन बनाये, उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर मोहाली के खिलाफ 131.06 के स्ट्राइक रेट के साथ 36 रन पर नाबाद रहा।
17 अप्रैल 2016 को हुई थी रवींद्र जडेजा और रीवा की शादी
क्रिकेटर रवींद्र जडेजा ने 17 अप्रैल 2016 को रीवा से शादी की थी। जडेजा इन दिनों आईपीएल में व्यस्त हैं और उनकी टीम चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ में पहुंच चुकी है।
Published on:
22 May 2018 10:18 am
