
REET Answer Key 2025
जयपुर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा (रीट)-2024 की "आंसर की" का इंतजार खत्म हो गया है। बोर्ड ने सभी प्रश्नपत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। इसके बाद मंगलवार यानी 25 मार्च को " आंसर की " जारी कर दी है।
रीट (REET) परीक्षा 2024, जो 27-28 फरवरी 2025 को आयोजित की गई थी, का प्रोविजनल उत्तर कुंजी (Provisional Answer Key) 25 मार्च 2025 को जारी कर दी गई है। यह उत्तर कुंजी परीक्षा की आधिकारिक वेबसाइट www.reet2024.co.in पर अपलोड कर दी गई है।
यदि किसी अभ्यर्थी को किसी प्रश्न के उत्तर को लेकर कोई आपत्ति है, तो वे अपनी आपत्ति 31 मार्च 2025 को ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं। आपत्तियां केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही स्वीकार की जाएंगी।
अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर उत्तर कुंजी की जांच करें और यदि आवश्यक हो, तो निर्धारित तिथि तक अपनी आपत्ति दर्ज कराएं।
राजस्थान में तृतीय श्रेणी शिक्षक बनने के लिए रीट उत्तीर्ण करना अनिवार्य है। इसके बाद ही पात्र परीक्षार्थी भर्ती परीक्षा में आवेदन कर सकते हैं। इस बार रीट परीक्षा का आयोजन 27 और 28 फरवरी 2025 को तीन शिफ्टों में किया गया था। परीक्षा में 15.64 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 13.72 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
पिछले दिनों बोर्ड ने बताया कि रीट परीक्षा की ओएमआर शीट की स्कैनिंग का 90 % कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा। बोर्ड का लक्ष्य है कि इस बार परीक्षा परिणाम जल्द जारी किया जाए।
पिछली बार रीट-2022 का परिणाम 66 दिनों में जारी हुआ था। इस बार माध्यमिक शिक्षा बोर्ड रिकॉर्ड तोडऩे के प्रयास में है और चाहता है कि परिणाम जल्द घोषित हो।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा की तिथि भी घोषित कर दी है। यह परीक्षा केवल रीट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए होगी। यह परीक्षा अगले वर्ष 17 से 21 जनवरी 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। इसका परिणाम 10 जुलाई 2026 को जारी किया जाना प्रस्तावित है।
Updated on:
25 Mar 2025, 4:55 PM IST
Published on:
25 Mar 2025, 11:56 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.