
Jan Sangharsh Pad Yatra
जयपुर/अजमेर. Jan Sangharsh Pad Yatra: सचिन पायलट ने गुरुवार को अजमेर से जयपुर के लिए जनसंघर्ष पदयात्रा शुरू की। इससे पहले आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि मैं और मेरा परिवार 45 साल से राजनीति में है। कभी एक फूटी कौड़ी का आरोप नहीं लगा। हमारी निष्ठा पर विरोधी भी अंगुली नहीं उठा सकते हैं। मैं किसी के विरोध में नहीं बल्कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा रहा हूं।
पहले अशोक उद्यान के पास पीसीसी सदस्य महेन्द्र सिंह रलावता के फार्म हाउस पर जनसभा हुई। पायलट ने कहा कि 2013 में भाजपा की 163 सीट के बहुमत के सामने हम सिमट कर 21 पर रह गए थे। भाजपा के कार्यकाल में खान, शराब, बजरी जैसे घोटाले हुए। मैंने वसुंधरा राजे को कहा था आपके पास शासन-सत्ता है, पर जनता को लूटने का लाइसेंस नहीं है।
45 साल से राजनीति में...
कांग्रेस की सरकार बनने पर मैंने सीएम को साढ़े तीन साल में कई बार पत्र लिखे, व्यक्तिगत आग्रह किया। अनशन किया पर न कोई कार्रवाई हुई और न कोई जवाब मिला।
जुबान की होती है कीमत
पायलट ने कहा कि कर्नाटक में 40% कमीशन वाली सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने संघर्ष किया, तो जनता ने मतदान किया। जनता से किए वादों और जुबान की कीमत होती है। मैं युवाओं का सपना पूरा करने और जनता की आवाज बनकर मई की भीषण गर्मी में पैदल यात्रा निकाल रहा हूं।
हेमाराम ने सौ करोड़ की जमीन दी...
हेमाराम चौधरी के खिलाफ आरोप को दुखद बताते हुए पायलट ने कहा कि बाड़मेर में उन्होंने सौ करोड़ रुपए की जमीन दी, बेटे की याद में हॉस्टल बनाया है। जो आदमी इंदिरा गांधी के साथ जेल गया, उसके खिलाफ आरोप लगाना ठीक नहीं है।
नहीं दिखे रघु शर्मा
केकड़ी विधायक रघु शर्मा सभा स्थल पर नहीं दिखे। मसूदा विधायक राकेश पारीक व्यवस्थाओं के चलते सभा में नहीं आए। दौसा, भरतपुर, बारां, अलवर, दूदू, कोटपूतली, नसीराबाद, पुष्कर, माकड़वाली, छातड़ी इलाके से गुर्जर व अन्य समुदाय के लोग भी पहुंचे।
भ्रष्टाचार के तार कहां तक, इसकी हो तफ्तीश
पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि आरपीएससी जैसी प्रतिष्ठित संस्था का सदस्य पकड़ा गया, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। भ्रष्टाचार के तार कहां तक जुड़े हैं, इसकी गहराई तक तफ्तीश जरूरी है। उन्होंने यह बात रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत में कही। कहा कि आरपीएससी व अन्य संस्थाओं से कई पेपर लीक हुए, परीक्षाएं रद्द हुई पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। किसी नेता अथवा अधिकारी का पेपर लीक कांड में लिप्त नहीं होने की बात कहना गलत है। पायलट ने कहा कि मेरा राजनीतिक जीवन जनता से जुड़ा है। लोगों को मुझसे उम्मीद हैं। पायलट ने कहा कि आरपीएससी भ्रष्टाचार का ठिकाना बन गया, इतिहास में पहली बार उसका सदस्य गिरफ्तार हुआ। छोटी मछलियां पकड़ कर उनके किराए के मकानों पर बुलडोजर चला दिए। लेकिन बाबूलाल कटारा के मकान पर बुलडोजर क्यों नहीं चला, जनता इसका जवाब चाहती है।
केन्द्र ने डीजीपी से कहा था...
केन्द्र सरकार ने पायलट की सुरक्षा को लेकर पुलिस महानिदेशक को संदेश भेजा था जिसमें जयपुर से अजमेर यात्रा के दौरान पायलट की सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ को केन्द्रीय गृह मंत्रालय की गाईडलाइन के अनुरूप सहयोग देने को कहा गया था।
पायलट की निजी यात्रा: डोटासरा
जयपुर. सचिन पायलट की पदयात्रा को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद डोटासरा ने कहा कि ये कांग्रेस की नहीं उनकी निजी यात्रा है। पायलट ने न तो प्रदेश कांग्रेस और न ही एआईसीसी से अनुमति ली है। कांग्रेस की यात्रा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी व हाथ के निशान की फोटो होती है। सीएम गहलोत के धौलपुर में दिए बयान पर डोटासरा ने कहा कि इसका जवाब सीएम दे सकते हैं कि उन्होंने किस संदर्भ में क्या बात कही है, मैं तो पार्टी के विषय पर ही बोल सकता हूं। पायलट पर पार्टी की तरफ से अनुशासनात्मक कार्रवाई के सवाल पर डोटासरा ने कहा कि पूरा मामला आलाकमान के संज्ञान में है और वही इस मामले पर फैसला लेंगे। प्रदेश के प्रभारी सुखजिंदर रंधावा के पास पूरे मामले की जानकारी है।
रंधावा के साथ बैठक आज
प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर रंधावा ने शुक्रवार को दिल्ली में तीनों सहप्रभारियों की बैठक बुलाई है। बैठक में अम्रता धवन, काजी निजामुद्दीन और वीरेन्द्र राठौड़ शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डोटासरा भी रहेंगे। डोटासरा ने बताया कि बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
12 May 2023, 11:45 AM IST
Published on:
12 May 2023, 11:45 AM IST
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़




