31 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

तीसरी मंजिल से छात्रा के कूदने पर पायलट की अभिभावकों से अपील, बच्चों पर अच्छे नंबर के लिए ना डालें दबाव

मालवीय नगर स्थित सेंट एंसलम स्कूल से छठी कक्षा की छात्रा के तीन मंजिल से गिरने का मामला, छात्रा अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Pushpendra Singh Shekhawat

•

Updated: 4 Oct 2019, 9:16 PM IST

sachin pilot

तीसरी मंजिल से छात्रा के कूदने पर पायलट की अभिभावकों से अपील, बच्चों पर अच्छे नंबर के लिए ना डालें दबाव

जयपुर। मालवीय नगर स्थित सेंट एंसलम स्कूल में शुक्रवार दोपहर को छुट्टी के समय कक्षा छह की छात्रा के तीन मंजिल से गिरने की घटना पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने दुख जताया हैं। उन्होंने ट्वीट करके अभिभावकों से बच्चों पर अधिक अंक के लिए दबाव नहीं डालने की अपील की है। उधर गिरने से घायल हुई बच्ची अस्पताल में भर्ती है। बच्ची की हालत गंभीर है, लेकिन खतरे से बाहर बताई गई है।

पायलट ने घटना को लेकर ट्वीट किया है। ट्वीट में लिखा है 'एग्जाम में कम अंक आने पर जयपुर के सेंट एंसलम स्कूल की 6वीं क्लास की छात्रा आज स्कूल की तीसरी मंजिल से कूद गई। इलाज चल रहा है, ईश्वर करे की वह जल्द ठीक हो जाए, लेकिन अभिभावकों से अपील है कि बच्चों पर अच्छे नंबर लाने का इतना दबाव न डालें... हर बच्चे में कोई हुनर होता है, उसे खोजें।'

स्कूल के वाइस प्रिंसिपल फादर सिरिल डीसूजा ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 1.30 बजे स्कूल की छुट्टी होने पर बच्ची कक्षा से बाहर निकली। रेलिंग के पास पहुंची। पलभर खड़ी रही और फिर नीचे गिर गई। स्कूल टीचर्स और प्रशासन ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज चल रहा है।


पुलिस ने निकलवाए फुटेज

सूचना पर एडिशनल डीसीपी मनोज चौधरी हॉस्पिटल और स्कूल पहुंचे। बच्ची की तबीयत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसके बयान लेने से इनकार कर दिया। जबकि स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी पुलिस ने निकलवाई है। घटना के कारण बच्ची के परिजन बात करने की स्थिति में नहीं थे।

80 में से 61 नंबर आए
स्कूल प्रशासन ने बताया कि दो दिन पहले छात्रा की परीक्षा सम्पन्न हुई थी। शुक्रवार को छुट्टी होने से पहले विज्ञान पीरियड में इसी विषय के नंबर सभी बच्चों को बताए थे। छात्रा के 80 में से 61 नंबर आए थे। अन्य विषयों के नंबर अभी नहीं बताए गए थे।